Today Breaking News

नोएडा में मिले 16 नए मामले, जिले में मरीजों की संख्या 80 तक पहुंची

Covid-19 Alert: गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना संक्रमितों (Corona Positive) की संख्या को देखते हुए कुछ इलाकों को हॉटस्‍पॉट में भी शामिल किया गया है.
गाजीपुर न्यूज़ टीम, नोएडा. यूपी (UP) के गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना संक्रमितों (Corona Positive) की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. यहां सोमवार को 16 नए संक्रमित लोग सामने आए हैं. इसके साथ ही इस जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 80 पहुंच गई है. अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को यह जानकारी दी. इससे पहले जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 68 होने की जानकारी मिली थी. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी हाउसिंग सोसाइटी के एक युवक और नोएडा में 11 साल के बच्चे और उसकी मां के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

इस संबंध में जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया था कि सोमवार की शाम स्वास्थ्य विभाग को जो मेडिकल रिपोर्ट मिली है, उसमें कोविड-19 के चार मामले मिले थे. अधिकारियों के अनुसार, कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 68 हुई थी, इनमें से 14 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दी जा चुकी है. बाद में नए मामले सामने आने पर यह तादाद 80 तक पहुंच गई.

इन हॉस्पिटलों में चल रहा है इलाज
अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नोएडा के सुपर स्पेशलिटी चाइल्ड हॉस्पिटल और ग्रेटर नोएडा के शारदा मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का उपचार किया जा रहा है.

प्रशासनिक स्तर पर हो रही लगातार पहल
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से बचाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार पहल हो रही है. इसके लिए प्रदेश के कई जिलों में हॉटस्पॉट की पहचान की गई थी. इन इलाकों से कोरोना संक्रमण के ज्यादातार मामले सामने आए हैं. गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश के अवस्थी ने इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि प्रदेश के 25 जिलों में 62 हॉटस्पॉट की पहचान की गई है. इन जिलों में 1,62,664 घरों की पहचान हुई है और यहां 9 लाख से ज्यादा लोग मौजूद हैं. इन इलाकों में कोरोना पॉजिटिव के 80 मामले सामने आये हैं. जबकि अन्य 15 जिलों में 146 हॉटस्पॉट की पहचान की गई है. यहां 1,71,232 घरों में 9,78,055 लोग रह रहे हैं. इन इलाकों की बैरिकेडिंग की गई है. इसके अलावा सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया भी जारी है.

रिंग फेंस से सामने आये ज्यादातर मामले
अवस्थी के अनुसार, यहां अब तक 401 केस कोरोना संक्रमण के मिले हैं. सभी डीएम ने खुद पहले चरण में 15 जिलों और दूसरे चरण में 25 जिलों में हॉटस्पॉट की पहचान की है. अवस्थी का कहना है कि कोरोना के 85% मामले 'रिंग फेंस' के अंदर के हैं.

30 अप्रैल तक जारी रह सकता है लॉकडाउन
सूत्रों का कहना है कि कोरोना के कारण यूपी की योगी सरकार ने 30 अप्रैल तक लॉकडाउन (Lockdown) को जारी रखने का निर्णय लिया जा सकता है. दरअसल, यहां के जिलों में प्रदेश के जिलों को दो भागों में बांटा गया है. इनमें से एक वर्ग के जिलों में कुछ रियायतें दी जा सकती हैं. इस श्रेणी में वैसे जिले शामिल होंगे जहां 14 अप्रैल तक एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है. जबकि वर्ग बी में वह जिले हैं जहां पॉजिटिव केस मिल चुके हैं या 14 अप्रैल तक और मिलने की आशंका है.
 
 '