वाराणसी में फंसे तीर्थयात्रियों की अपने घरों के लिए रवानगी शुरू, 16 बसों से भेजे गए तीन राज्यों के यात्री
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में फंसे तीर्थयात्रियों की अपने घरों के लिए रवानगी शुरू हो गई है। फिलहाल तीन राज्यों तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों को सोमवार को अपने अपने राज्यों के लिए भेजा गया। तीर्थयात्रा पर पहुंचे यह यात्री विभिन्न धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस और यात्री आश्रय स्थल पर ठहरे थे। इन लोगों ने अपने घर जाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद शासन स्तर पर संबंधित प्रदेश सरकारों से बात की गई। तीन प्रदेशों की ओर से सहमति मिलने के बाद रविवार देर रात से लेकर सोमवार की शाम तक कुल 16 बसों से इन्हें रवाना करने में अधिकारी लगे रहे।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने ही इनके लिए दो टेंपो ट्रेवलर और 14 बड़ी बसों का इंतजाम किया। लक्सा, दशाश्वमेध, चौक, गोदौलिया, लंका और कैंट आदि क्षेत्रों में जगह-जगह शरण लिये इन लोगों को बसों को भेजकर ही रिसीव किया गया। रविवार की रात 13 और सोमवार को तीन बसों के जरिये इनकी रवानगी हुई।
काशी से रवानगी के पहले सभी का मेडिकल टेस्ट भी किया गया। थर्मल स्क्रीनिंग के जरिये जांच की गई। लॉकडाउन के बाद से एक ही जगह पर रुके तीर्थ यात्रियों में कोरोना से संबंधित किसी तरह का लक्षण भी नहीं पाया गया। चूंकि लंबे समय से ये क्वारंटीन भी थे। इस कारण कोई खतरा नहीं है।
बंगाल के लोग नहीं जा सके
यहां से चार बस के जरिये बंगाल के लोगों को भी भेजने का प्रबंध किया गया था। शासन स्तर से पश्चिम बंगाल की सरकार से बात की गई। वहां की सरकार ने अपने लोगों को लेने से इनकार कर दिया। इस पर वहां के लोग नहीं भेजे जा सके। बंगाल के लोगों को यहीं पर सुरक्षित ठहराया गया है।
