लखनऊ से पैदल बिहार जा रहे मजदूर की आजमगढ़ में गला दबाकर की गई थी हत्या
गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज क्षेत्र में रह रहे बिहार के भट्ठा मजदूर की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना का खुलासा हुआ। वह लखनऊ से बिहार के लिए पैदल ही निकला था। लेकिन वाराणसी तक उसे साधन मिल गया। वाराणसी से पैदल चलकर लालगंज क्षेत्र में पहुंचा था।
बिहार के गया जनपद के रानकुपा थाना क्षेत्र के मनमाधो गांव निवासी 25 वर्षीय उपेन्द्र पुत्र देवनाथ ईंट भट्ठा मजदूर था। उसके माता पिता लखनऊ में एक ईंट भट्ठा पर रहते हैं। मृतक के पिता देवनाथ ने बताया कि उपेन्द्र लॉकडाउन में लखनऊ से घर के लिए चला था। वाराणसी तो पहुंच गया लेकिन उसके बाद उसे साधन नहीं मिला। वह पैदल ही घर के लिए निकल गया। रास्ता भटक कर वह आजमगढ़ जिले के लालगंज क्षेत्र में पहुंच गया। इस दौरान उससे फोन पर बात होती रही।
शनिवार की रात में घर के मोबाइल पर बेटी को सूचना मिली की उपेन्द्र की हालत खराब है। उपेन्द्र के मोबाइल पर फोन करने पर उसका मोबाइल बंद बता रहा था। रविवार की सुबह उपेन्द्र के मौत की सूचना मिली। इसके बाद माता-पिता लखनऊ से चलकर आजमगढ़ पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चेहरे पर चोट, सीने की हड्डी टूटी व गला दबा कर हत्या करने की पुष्टि हुई।
कंजहित बाजार के पास कर रहा था मजदूरी
लखनऊ से बिहार के लिए चला उपेंद्र ईट भट्टा मजदूर लालगंज क्षेत्र के कंजहित बाजार के पास मजदूरी कर रहा था। उपेन्द्र के पिता देवनाथ ने बताया कि कंजहित बाजार के पास एक अज्ञात व्यक्ति उपेन्द्र को अपने घर लेकर चला गया था। अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि लॉकडाउन में रहकर मजदूरी करो। लॉकडाउन खुलने पर घर चले जाना। देवनाथ ने बताया बेटे के मोबाइल से फोन पर बात हो रही थी। वह कंजहित बाजार के पास रहकर एक सप्ताह से मजदूरी कर रहा था।
एम्बुलेंस में छोड़ फरार हो गए थे लोग
शनिवार की रात ढाई बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने 108 पर फोन कर बीमार होने की सूचना दी। एम्बुलेंस को कंजहित बाजार के पास आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर बुलाया। कंजहित के पास एम्बुलेंस आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर पहुंची। उपेन्द्र को लेकर लालगंज सीएचसी के लिए चलने लगी, साथ के लोगों ने कहा कि पीड़ित को लेकर चलिए हम लोग अपने साधन से आ रहे हैं। इसके बाद लोग फरार हो गए। एम्बुलेंस चालक उपेन्द्र को लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचा। फोन लगाने पर उनका फोन स्विच आफ हो गया था। रविवार की भोर में डॉक्टरों ने उपेन्द्र को रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसने दम तोड दिया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था।
