Today Breaking News

गाजीपुर: सिपाही की मौत पर घर में मचा कोहराम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर कासिमाबाद थाना क्षेत्र के खजुहा निवासी एक युवक फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना में तैनात था। शनिवार की शाम लाकडाउन के बीच यमुना नदी में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ चक्रमण कर रहा था। इसी दौरान नाव डूब गई। सवार उपनिरीक्षक के साथ ही पुलिसकर्मी और नाविक डूब गया था। रविवार की सुबह तीनों का शव बरामद हुआ। मौत की खबर आते ही मृत सिपाही के घर कोहराम मच गया। मालूम हो कि क्षेत्र के खजुहा गांव निवासी बीरबल राम का पुत्र शशिकांत राम (25) फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना में सिपाही के पद पर तैनात था। लाकडाउन के दौरान यमुना नदी में मड़नई घाट पर ड्यूटी लगी थी। वह शनिवार को उप निरीक्षक रामजी और सिपाही निर्मल के साथ ड्यूटी पर था। कोई सीमा पार न करे, इसके लिए तीनों छोटी नाव से यमुना नदी में चक्रमण कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे नाव डूब गई। 

सिपाही निर्मल तैरकर किनारे पर आ गया, जबकि उपनिरीक्षक और सिपाही शशिकांत के साथ बिहार का रहने वाला नाविक डूब गया। देर रात शशिकांत के डूबने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग चीख-पुकार करते हुए ऊपर वाले से यह प्रार्थना करने लगे कि वह सही-सलामत मिल जाए। परिवार के पुरुष सदस्य अन्य लोगों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। रविवार की सुबह तीनों का शव गोताखोरों ने बरामद किया। मौत की खबर आते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी प्रियंका, मां पुष्पा देवी, पिता बीरबल सहित परिवार के अन्य लोग दहाड़े मारकर चीख पुकार करने लगे। मौके पर पहुंचे पास-पड़ोस के लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। मृतक शशिकांत की शादी मई 2019 में बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सराय भारती निवासी प्रियंका से हुई थी। उसे पांच माह का गर्भ है। वह बिलखते हुए बार-बार घटना के लिए ऊपर वाले की दुहाई देती रही। शशिकांत की भर्ती 2018 में हुई थी। वह दो भाई-दो बहनों में सबसे बड़ा था। किशनपुर थाना के एसओ रामकिशोर ने बताया कि सुबह नौ बजे गोताखोरों ने तीन शवों को बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद सलामी होगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा दिया जाएगा।
'