उत्तर प्रदेश में कोरोना के 550 मरीजों में से 47 हुए ठीक, पीलीभीत अब COVID-19 मुक्त जिला
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 550 हो गई है। वहीं 47 लोग इस महामारी को हरा चुके हैं और वे इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। राज्य के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पीलीभीत जिले में दो कोविड-19 के मरीज थे। एक पहले ही ठीक हो चुका था। दूसरे मरीज को आज इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस तरह से अब पीलीभीत जिला कोरोना मुक्त हो चुका है।
वहीं आगरा में एक ही दिन में 43 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने से दहशत फैल गई। सुबह 12 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि प्रशासन ने की। वहीं, देर रात केजीएमयू लखनऊ से आई रिपोर्ट में 31 अन्य लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई। इनमें एक डाक्टर भी है। जबकि 24 जमातियों के संपर्क में आने वाले लोग हैं। आगरा में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 137 तक पहुंच गई है।
Pilibhit district had 2 cases. One of them was discharged earlier and the second person too was discharged today. The district now doesn't have any active case. Pilibhit is Corona-free as of now: State Principal Health Secretary Amit Mohan Prasad #Coronavirus https://t.co/zhDcKUklPA
— ANI UP (@ANINewsUP) April 13, 2020
14 दिन पूरा कर चुके दस हजार लोगों को भेजा गया घर
कोरोना वायरस को लेकर शासन के निर्देश पर रायबरेली जिला प्रशासन ने गैर जनपदों और प्रांतों से आए लोगों को क्वारंटाइन सेंटरों पर रोककर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया और 14 दिनों तक सेंटरों पर रहने के निर्देश दिए गए इस दौरान संदिग्ध लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन में भी भर्ती कराया गया और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
रविवार को जिले में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटरों से 10099 लोगों का चिकित्सीय परीक्षण करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया और घर पर 14 दिन तक अलग रहने की सलाह दी गई। वहीं क्वारंटीन के दौरान किसी भी सेंटर पर किसी को भी सर्दी जुकाम बुखार नहीं हुआ अभी जिले में बने क्वारंटीन सेंटर पर 27 सौ लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
स्वास्थ विभाग की ओर से क्वारंटाइन सेंटर पर समय-समय पर लोगों का चिकित्सीय परीक्षण किया जा रहा है। खांसी जुकाम बुखार वाले 78 लोग मेडिकल क्वारन्टीन में है। जिनका मेडिकल ऑब्जर्वेशन चल रहा है। उनमें 48 लोग कृपालु मेडिकल इंस्टिट्यूट में हैं। शेष 30 जिला अस्पताल में। इसमें 27 वे हैं जिन्हें स्क्रीनिंग में लगी टीमों ने हॉटस्पॉट वाले मोहल्लों से चिन्हित किया है।
