Today Breaking News

गाजीपुर में कोरोना मरीजों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी, एक ही गांव में मिले 14 संक्रमित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर: रविवार की सुबह कोरोना मरीजों की संख्या में अब तक का सबसे बड़ा इजाफा हुआ। मुंबई और सूरत से लौटे 19 प्रवासियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें 21 मई को मुंबई से लौटे कासिमाबाद के नसीरपुर सुरवत के 14 प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव हैं। अन्य पांच सूरत से लौटे हैं। रेलवे स्टेशन पर स्क्रीनिंग और सैंपलिंग के बाद इन्हें अलग-अलग क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था।

19 नए केस के साथ जिले में पॉजिटिव की संख्या 122 हो गई है। इसमें सक्रिय केसों की संख्या 56 हो गई है। अब तक 66 मरीज ठीक हो चुके हैं। नए संक्रमित मरीजों को मुहम्मदाबाद के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इससे पहले 20 मई को एक साथ 18 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। आज 19 मरीज मिलने से उस दिन का भी रिकार्ड टूट गया।

लॉकडाउन के बाद स्पेशल ट्रेनों से गाजीपुर पहुंचे प्रवासियों के कारण पॉजिटिव मरीजों की संख्या में हर दिन इजाफा हो रहा है। रविवार को 19 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की दुश्वारियां बढ़ गईं। इनमें 14 लोग कासिमाबाद तहसील के एक ही गांव नसीरपुर सुरवत के निवासी हैं। 

सभी 21 मई को ट्रेन से मुंबई से लौटे थे। एक साथ एक गांव के 76 लोगों की तबीयत खराब लग रही थी।क्वारंटीन सेंटर पर सभी के सैंपल भरवाए गए थे। इसमें से 14 पॉजिटिव मिले हैं। पांच अन्य संक्रमितों में एक जमानियां तहसील के सैचनपुर, दो देवकली गांव, दो बिरनो ब्लाक के आगापुर पारा गांव के हैं।

'