Today Breaking News

पूर्वांचल के 6 जिलों में 45 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव, गाजीपुर में 19 नए कोरोना मरीज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल में एक बार फिर बड़ी संख्या में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रविवार की शाम चार बजे तक छह जिलों में 45 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी थी। इसमें सबसे ज्यादा गाजीपुर में 19 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें एक ही गांव के 15 लोग हैं। बलिया में सात, आजमगढ़ और मऊ में छह-छह, भदोही में चार और वाराणसी में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

गाजीपुर में 19 नए मरीजों के साथ ही एक ही गांव के 15 मरीजों के मिलने से हड़कंप की स्थिति है। यहां के मरीजों को जौनपुर भी इलाज के लिए भेजा जा रहा है। जिले में अब तक इतनी बड़ी संख्या में एक दिन में मरीज नहीं मिले थे। 19 नए पॉजिटिव केस आने के साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या 122 हो गई है। जिले में अब तक 66 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 56 है। 

आजमगढ़ में रविवार को स्टाफ नर्स समेत छह और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इससे पॉजिटिव की संख्या बढ़ कर 94 तक पहुंच गई है। इसमें से दो की मौत हो चुकी है। नौ लोग स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। फिलहाल 83 एक्टिव मरीज हैं। स्टाफ नर्स से पहले यहां के सरकारी डाक्टर भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे। 

बलिया में सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। लॉकडाउन शुरू होने से करीब डेढ़ महीने तक बलिया ग्रीन जोन में रहा। यहां एक भी कोरोना मरीज नहीं थे। प्रवासियों का आना शुरू हुआ तो तेजी से मरीज बढ़े हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 37 हो गई है।

भदोही में स्वास्थ्यकर्मी समेत चार नए कोरोना मरीज मिले हैं। यह मरीज सुरियावां सीएससी में कार्यरत है। अन्य तीन लोग प्रवासी हैं। नए मरीजों के साथ ही जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या 40 हो गई है।इनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोगों की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी। इनकी रिपोर्ट का इंतज़ार है। सात लोग स्वस्थ भी हुए हैं। 

वाराणसी में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मामले के साथ ही जिले में मरीजों की संख्या 171 हो गई है l 111 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं l चार की मौत हो चुकी है। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 56 हो गई है l रविवार की शाम तक हॉटस्पॉट की संख्या 86 हो गई थी। नए मरीजों के  ब्योरे का इंतजार है। शाम चार बजे तक 44 लोगों की रिपोर्ट आई थी। इसमें तीन पॉजिटिव थे। शाम में अभी और रिपोर्ट आनी है।
'