Today Breaking News

गाजीपुर में चार समेत पूर्वांचल में छह संक्रमित मिले, दिल्ली-मुंबई से आए चार लोग संक्रमित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर आजमगढ़ और मऊ में बृहस्पतिवार को छह कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से पांच मुंबई से और एक दिल्ली से आया था। संबंधित गांवों को हॉट स्पॉट करने की कवायद शुरू कर दी गई।  नंदगंज थाने के राजूपुर सिरगिथा में एक व्यक्ति (45) मुंबई से ट्रक से सात मई को घर आया था। नौ मई को उसका सैंपल भेजा गया था।

भुड़कुड़ा निवासी एक व्यक्ति (48) मुंबई से   घर पहुंचा था। उसका सैंपल नौ मई को जांच के लिए भेजा गया था। बिरनो के मोहनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति (46) दिल्ली से ट्रक से आजमगढ़ पहुंचा था। वहां से बेटे के साथ बाइक से घर आया था। 12 को उसकी सैंपलिंग की गई थी।

जबकि शादियाबाद थाने के चौकड़ीचौरा गांव निवासी एक युवक (35) मुंबई से ट्रक से परिवार के साथ घर आया था। उसकी 11 मई को सैंपलिंग की गई थी। इन सभी की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को पाजिटिव आई है। अब जिले में मरीजों की संख्या 14 हो गई। इनमें से छह स्वस्थ हो चुके हैं।  
जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना के चार और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। आजमगढ़ के मेंहनाजपुर के जियापुर दक्षिणी गांव का एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि युवक सात मई को मुंबई से गांव पहुंचा था। आठ मई को उसका सैँपल जांच के लिए भेजा गया था।

जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि मुंबई से जीयापुर पहुंचा युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। गांव की सीमाओं को सील कर दिया गया है। अब जनपद में मरीजों की संख्या 10 हो गई। इनमें से आठ स्वस्थ हो चुके हैं। मऊ में रानीपुर ब्लॉक के चितबिसाव गांव में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति (45) कोरोना संक्रमित मिला।

वह नौ मई को पत्नी तथा दो बच्चों के साथ मुंबई से आया था। गांव को हॉटस्पाट घोषित कर 21 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया। इसके साथ ही जनपद में मरीजों की संख्या दो हो गई। पहला मरीज स्वस्थ हो चुका है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि चितबिसाव गांव में मुंबई से आया एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।
'