गाजीपुर: पति के कोरोना संक्रमित होने की शंका में महिला ने लगाई फांसी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सादात मुंबई से लौटे पति को कोरोना होने की शंका के चलते क्षेत्र के मौधियां गांव निवासी विनोद कन्नौजिया की पत्नी प्रतिभा (25) ने फांसी लगाकर जान दे दी। गौरतलब है कि मौधिया निवासी विनोद कन्नौजिया गत 12 मई को मुंबई से आए। वह खुद को क्वारंटाइन रहने के लिए सिवान में स्थित अपने ट्यूबवेल पर रहने चले गए। इधर किसी ने उनकी पत्नी को बता दिया कि उनके पति को कोरोना हो गया है, इसलिए वह घर नहीं आएगा। वह पति से मिलने ट्यूबवेल पर गई और घर पर साथ रहने की जिद करने लगी। विनोद ने उसे समझाया कि उसे कुछ नहीं हुआ है। केवल अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए यहां पर हैं। 14 दिन बाद घर जाएंगे। लेकिन पत्नी प्रतिभा के मन में यह शंका हो गई कि उसके पति को अवश्य ही कोरोना हो गया है, इसलिए वह घर नहीं आ रहे हैं। शाम को प्रतिभा घर आकर खाना बनायी और अपने पति को ट्यूबवेल पर भेजवाया। इसके बाद श्वसुर रामबचन को भी खाना खिलाकर अपने ढाई वर्ष के बच्चे के साथ सोने चली गई। सुबह उसका शव फंदे पर लटकता हुआ मिला जिससे कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।