Today Breaking News

एक साल के मासूम की रिपोर्ट पॉजिटिव, वाराणसी का सबसे छोटा कोरोना मरीज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में सोमवार को एक साल के मासूम समेत आठ और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक साल का मासूम जिले का अब तक का सबसे छोटा कोरोना संक्रमित है। इससे पहले भी दो बच्चों में कोरोना का संक्रमण मिला था। इनमें पहला मड़ौली के दवा कारोबारी का भांजा और दूसरा बीएचयू की साइंटिस्ट का बेटा था। दोनों की उम्र डेढ़ साल थी। दोनों ने ही इलाज के दौरान एक पखवारे के भीतर कोरोना को मात दी थी।

अन्य मरीजों में एक पुलिस कांस्टेबल और एक स्वास्थ्यकर्मी है। इन आठ लोगों में छह जिले के हैं। एक जौनपुर और एक हरियाणा के करनाल का है। वाराणसी के छह में से तीन लोग प्रवासी हैं। नए मरीजों के साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 152 हो गई है। इनमें 83 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 65 है।

जिन तीन प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें पहला पॉजिटिव मरीज एक साल का बच्चा है।कपसेठी के ग्राम सिसवा का रहने वाला यह बच्चा अपने माता-पिता के साथ मुंबई से ट्रक से वाराणसी आया था। इसके पिता मुंबई में ड्राइवर हैं। दूसरा 24 वर्षीय युवक मिर्जामुराद के ग्राम बिहड़ा का रहने वाला है। मुंबई से पिकअप से वाराणसी आया था। मुंबई में वह मार्केटिंग रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। तीसरा मरीज 29 वर्षीय युवक चोलापुर के ग्राम छोटी गुगली का रहने वाला है। यह मुंबई से बस से वाराणसी आया। मुंबई में यह एक बैंक में काम करता था l

वहीं, जिले में ही रहने वाले जिन तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें 28 वर्षीय ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल पांडेयपुर मानसिक अस्पताल के पीछे गायत्री नगर कॉलोनी (धोबी घाट) में किराए के मकान में रहता है। दूसरा 43 वर्षीय युवक स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात है। फूलपुर के ग्राम परसरा का रहने वाला है। वर्तमान में वह यमुना नगर कॉलोनी तरना शिवपुर में रहता है। तीसरा मरीज 40 वर्षीय युवक सिगरा  के लेन-6 निराला नगर का निवासी है। यह गैलेक्सी हॉस्पिटल के सामने गंगोत्री बुटीक में सिलाई का काम करता है।

नए मरीजों के कारण मिर्जामुराद का ग्राम बिहड़ा, कपसेठी का ग्राम सिसवा, चोलापुर का ग्राम छोटी गुगली, सिगरा का निराला नगर, शिवपुर का यमुना विहार कॉलोनी तरना, और कैंट का गायत्री नगर कॉलोनी (धोबी घाट) कुल 6 नए हॉटस्पॉट बनेंगे। इन्हें मिलाते हुए जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 78 हो जाएगी। 22 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 56 है। इसमें 6 ऑरेंज जोन और 50 रेड जोन हैं। 

19 और मरीज डिस्चार्ज
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 19 कोरोना पॉजिटिव मरीज के फॉलोअप सैंपल का परिणाम निगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया है। 19 में से एक मरीज वाराणसी का है। 18 लोग अन्य जनपदों के हैं l वाराणसी के इस मरीज का संबंध प्रतापपुर हॉटस्पॉट से है। यह मुंबई से आया था। वहीं, सोमवार को कुल 117 सैंपल लिए गए। अब तक 4804 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें से 4463 का परिणाम मिल चुका है। इन परिणामों में 4311 निगेटिव और 152 पॉजिटिव हैं। 341 परिणाम आना बाकी है।
'