Today Breaking News

लखनऊ में आज से खुलेंगी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानें, लेफ्ट-राइट का नियम होगा लागू

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। लखनऊ के सभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मंगलवार से खुल जाएंगे। कॉम्प्लेक्स में भी लेफ्ट-राइट की तरह 33 प्रतिशत दुकानें खुलेंगी। यदि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सेंट्रल एसी लगा है तो उसे अनिवार्य रूप से बंद रखना होगा। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पूरा पालन करना होगा।

जिला प्रशासन के आदेशानुसार शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगी। इस दौरान एक दुकान में दो से तीन ग्राहक ही प्रवेश कर सकेंगे। सभी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। दुकानें छह दिन खुलेंगी। एक दिन बंदी रहेगी। उस दिन पूरे कॉम्प्लेक्स को सैनिटाइज किया जाएगा। मानकों का पालन न करने पर पांच लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। 

दफ्तरों में कल से 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
उधर,उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में मंगलवार से 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य हो जाएगी। मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने सभी विभागाध्यक्ष को आदेश दिया गया था कि रोस्टर के हिसाब से कर्मचारियों को बुलाया जाये। यह व्यवस्था सभी नगर निकाय, निगमों के दफ्तरों में भी लागू होगी। अभी तक 33 प्रतिशत कर्मचारियों को दफ्तर आने की अनिवार्यता थी। इस व्यवस्था में सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी तीन शिफ्ट में आएंगे। पहली शिफ्ट सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक, दूसरी शिफ्ट 10 बजे से शाम छह बजे तक और तीसरी शिफ्ट 11 बजे से शाम सात बजे तक होगी।
'