Today Breaking News

दलहन की खेती करने पर किसानों को मिलेंगे प्रति हेक्टेयर 1000 रुपए

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। उत्तर देश में दलहनी फसलों के कम होते उत्पादन से चिन्तित राज्य सरकार इन फसलों को बढ़ाने के लिए इस खरीफ में किसानों को प्रति एकड़ 400 रुपये अर्थात प्रति हेक्टेयर 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। कृषि विभाग की ओर से इस आशय का एक प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। 

उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार इसके लिए सैद्धांतिक रूप से तैयार भी हो गई है। क्योंकि इसमें होने वाले खर्च का भार राज्य सरकार के खजाने पर नहीं पड़ेगा। किसानों को दी जाने वाली यह आर्थिक सहायता राष्ट्रीय कृषि विकास परियोजना (आरकेवीवाई) के द्वारा होगा। परियोजना में किसानों को आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है।

अत्यन्त संवेदनशील एवं जोखिम वाली खेती माने जाने वाली दलहनी फसलों से प्रदेश के किसानों का मोह भंग हो रहा है। नतीजा प्रदेश में न सिर्फ इन फसलों की उत्पादन एवं उत्पादकता तेजी से घट रही है बल्कि इनके रकबों में लगातार ह्रास हो रहा है। ऐसे में दलहन की खेती को बढ़ाने के लिए किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके तहत इस खरीफ में जो किसान दलहनी फसलों की खेती करेगा, उन्हें इनकी खेती में विशेष तकनीक अपनाने के लिए प्रति एकड़ 400 रुपये दिए जाने का प्रस्ताव है। जिस विशेष तकनीक की बात की जा रही है उसे अपना से अधिक बरसात या खेतों में पानी लगने की सम्भावना कम रहेगी और दलहनी फसलें बर्बाद नहीं होंगी।

क्या है विशेष तकनीक
इसके तहत सहायता पाने वाले किसानों को अपने खेतों के चारों ओर नालियां बनानी होगी और नाली की मिट्टी को खेतों में ही डालना होगा ताकि खेत की सतह आसपास की खेतों से ऊंचा हो जाए। दलहनी फसलें जलभराव  होने से शीघ्र बर्बाद हो जाती हैं ऐसे में आसपास की सतहों से ऊंचा होने के कारण ऐसी खेतों में लगी फसल कुछ हद तक अतिवृष्टि या जलभराव से बच जाएंगी। दलहनी फसलों को अधिक पानी होने पर नुकसान पहुंचता है। सूत्रों का कहना है कि  इस बार मानसून के सामान्य रहने का पूर्वानुमान है और इसी को ध्यान में रखकर किसानों को आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रस्ताव है। 

प्रदेश में दलहन का रकबा एवं उसके उत्पादन की स्थिति- (रकबा लाख हेक्टेयर में तथा उ‌त्पादन लाख टन में)
दलहन-        रकबा            उत्पादन        
2016-17        25.08            23.95        
2017-18        22.64            22.02        
2018-19        22.91            20.27        

 
 '