Today Breaking News

वाराणसी में प्रसव के लिए भर्ती महिला समेत चार और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में गुरुवार को चार और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें प्रसव के लिए बीएचयू में भर्ती महिला भी शामिल है। महिला के पॉजिटिव होने के कारण नवजात की सैंपलिंग कराई जाएगी।नए मरीजों के साथ ही वाराणसी में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 126 हो गई है। इसमें 77 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। चार लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 45 हो गई है। 

बीएचयू में 19 मई को प्रसव के लिए भर्ती 23 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिहार के रोहतास की रहने वाली महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इलाज कर रहे डॉक्टर के अनुसार मां को कोविड आइसोलेशन वार्ड में और बच्चे को मां से अलग एलआईसीयू में भर्ती किया गया है। नवजात का भी सैंपल लिया जाएगा। दूसरा मरीज 27 वर्षीय युवक शंकर धाम कॉलोनी कबीर नगर का रहने वाला हैl मुंबई में यह शादी पार्टी में सजावट का कार्य करता था। 16 मई को ट्रेन से वाराणसी आया। स्क्रीनिंग में लक्षण के बाद सैंपल लिया गया था। 

तीसरा मरीज 30 वर्षीय युवक चेतगंज के तुलसी कुआं हंकायटोला का रहने वाला है। यह अपने घर पर वाशर बनाने का कार्य करता है। कफ, फीवर की समस्या होने पर बीएचयू की फ्लू ओपीडी में जांच कराने पहुंचा। इसके बाद सैंपल लिया गया था। 

वहीं चौथा मरीज 19 वर्षीय युवक रोहनिया के औढ़े का रहने वाला है। दिल्ली में एसएससी की तैयारी करता था। 17 मई को दिल्ली से ट्रेन से वाराणसी आया था। वाराणसी आने पर स्क्रीनिंग के बाद इसकी सैंपलिंग कराई गई थी। 

तीन नए हॉटस्पॉट
भेलूपुर के शंकर धाम कॉलोनी, चेतगंज के तुलसी कुआं बेनियाबाग और रोहनिया के औढ़े को नया हॉटस्पॉट बना दिया गया है। इन्हें मिलाकर हॉटस्पॉट की संख्या 58 हो गई है। इसमें 20 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 38 है। इसमें 33 रेड और पांच आरेंज जोन हैं।

सात और मरीज जिला अस्पताल से डिस्चार्ज
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती सात मरीजों का फॉलोअप सैंपल निगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया गया। डिस्चार्ज मरीजों में दो मदनपुरा हॉटस्पॉट, तीन छित्तूपुर के पोस्टमैन की फैमिली और दो लल्लापुरा के होटल व्यवसाई के परिवार वाले हैं। गुरुवार को 166 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक कुल 4254 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 3511 के परिणाम मिल चुके हैं। 743 सैंपल का परिणाम आना बाकि है। प्राप्त परिणामों में 3386 निगेटिव और 125 परिणाम पॉजिटिव आए हैं.
'