Today Breaking News

ट्रेन से संतकबीर नगर जा रही महिला कोरोना पॉजिटिव, जौनपुर में पूरी बोगी क्वारंटीन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. श्रमिक स्पेशल ट्रेन से मुंबई से संतकबीर नगर जाने के लिए निकली महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार की सुबह ट्रेन के जौनपुर पहुंचते ही महिला को एम्बुलेंस से संतकबीर नगर भेजा गया। कोच में सवार अन्य सभी यात्रियों को क्वॉरन्टीन कर दिया गया है। 

बताया जाता है कि 35 वर्षीया महिला संतकबीर नगर के ग्राम पकड़िया थाना फकीरा की रहने वाली है। 14 मई को बांद्रा से संतकबीर नगर जाने के लिए जौनपुर श्रमिक एक्सप्रेस में पति के साथ सवार हुई थी मुंबई से ही महिला की तबीयत खराब थी। ट्रेन में चढ़ने से पहले उसका सैम्पल लिया गया था।

ट्रेन से रवाना होने के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुंबई से अधिकारियों ने इसकी जानकारी फोन से जौनपुर में अधिकारियों को दी। इसके बाद जौनपुर में महिला के लिए अलग से एंबुलेंस की व्यवस्था करके संतकबीरनगर रवाना किया गया। जिस कोच में महिला थी, उसके सभी लोगों का सैंपल लिया जा रहा है।

'