पूर्वांचल में 72 और संक्रमित मिले, जौनपुर में सबसे ज्यादा 36 की रिपोर्ट पॉजिटिव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल के सात जिलों में शनिवार को 72 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा जौनपुर में 36 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भदोही में 15, आजमगढ़ में 10, मऊ और वाराणसी में चार-चार, बलिया में दो और चंदौली में एक कोरोना संक्रमित मिला है।
जौनपुर: एक और लेखपाल की रिपोर्ट पॉजिटिव
जौनपुर में मुंबई से लौटने वालों की सैंपलिंग के साथ ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को कुल 94 सैम्पल की रिपोर्ट आयी। इसमें 36 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। पॉजिटिव मरीजों में लेखपाल भी शामिल है। लेखपाल की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर लगी थी। इससे पहले एक और लेखपाल की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। वह भी जंक्शन पर ड्यूटी कर रहा था।
भदोही में 15 और चंदौली में एक संक्रमित मिला
भदोही में 15 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसमें एक स्वास्थ्य कर्मी और मुंबई से आया प्रवासी भी शामिल हैं। वहीं चंदौली जिले में चेन्नई से लौटा एक प्रवासी युवक संक्रमित मिला है। वाराणसी के चेतगंज का युवक मकान मालिक की आपत्ति पर अपने दो अन्य भाइयों के साथ चौरहट गांव में भतीजे के यहां ठहरा था।
आजमगढ़: बर्तन व्यवसायी सहित 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव
आजमगढ़ में शनिवार को बर्तन व्यवसायी समेत 10 प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों में मुंबई और सूरत से आए संक्रमितों की संख्या ज्यादा है। संक्रमित प्रवासियों के संपर्क में आए लोग भी पॉजिटिव मिले हैं।
मऊ: मुंबई से आए मां-बेटे सहित चार मिले संक्रमित
मऊ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को वाराणसी से आई 28 रिपोर्ट में चार पॉजिटिव हैं। इनमें कासिमपुरा व इन्दारा निवासी दो लोगों को क्वारंटीन किया गया था। जबकि मुम्बई से आए मां-बेटे का सैम्पल लेकर उन्हें होम क्वारन्टीन रखा गया था। रिपोर्ट आते ही चारों को उपचार के लिये कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बलिया: दो प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव
बलिया में शनिवार को दो और प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसमें भीमपुरा के मुहम्मदपुर मठिया गांव का 37 वर्षीय युवक तथा सेमरी गांव का 58 वर्षीय अधेड़ शामिल है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों गांवों को कंटेंनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों गांवों के रास्तों पर बैरकेटिंग करा दिया है।
वाराणसी: फाइनेंस कंपनी की कर्मचारी समेत चार पॉजिटिव
वाराणसी में शनिवार को चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें निजी फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी भी शामिल है। अन्य तीन मरीज पहले से संक्रमित के परिवार के सदस्य हैं। इसमें एक 12 साल का बालक और दो महिलाएं हैं।
