Today Breaking News

पूर्वांचल में टूटे रिकार्ड, एक दिन में 69 नए लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल में रविवार को कोरोना मरीजों के मामले में पिछले सभी रिकार्ड टूट गए। एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना मरीज अभी तक सामने नहीं आए थे। रविवार को आठ जिलों से 69 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसमें सबसे ज्यादा गाजीपुर में 19 लोग संक्रमित मिले हैं। वाराणसी में 14, जौनपुर में 12, बलिया में सात, आजमगढ़ और मऊ में छह-छह, भदोही में चार और सोनभद्र में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

गाजीपुर में 19 नए मरीजों के साथ ही एक ही गांव के 15 मरीजों के मिलने से हड़कंप की स्थिति है। यहां के मरीजों को जौनपुर भी इलाज के लिए भेजा जा रहा है। जिले में अब तक इतनी बड़ी संख्या में एक दिन में मरीज नहीं मिले थे। 19 नए पॉजिटिव केस आने के साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या 122 हो गई है। जिले में अब तक 66 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 56 है। 

जौनपुर में रविवार को 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों के साथ पॉजिटिव मरीजों की संख्या 181 हो गई है। इसमें 90 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। इसमें नौ लोग रविवार को ही स्वस्थ घोषित हुए हैं। तीन लोगों की यहां मौत भी हो चुकी है। एक्टिव केस 88 है।

बनारस में 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दिल्ली से विमान से आया एक युवक भी शामिल है। विमान से आने वाले में संक्रमण का यह पहला मामला है। इसके अलावा तीन पुलिसकर्मी, एक महिला साड़ी कारोबारी और 10 प्रवासी नागरिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। नए मरीजों के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 182 हो गई है। इसमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है। 117 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है l

आजमगढ़ में रविवार को स्टाफ नर्स समेत छह और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इससे पॉजिटिव की संख्या बढ़ कर 94 तक पहुंच गई है। इसमें से दो की मौत हो चुकी है। नौ लोग स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। फिलहाल 83 एक्टिव मरीज हैं। स्टाफ नर्स से पहले यहां के सरकारी डाक्टर भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे। 

बलिया में सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। लॉकडाउन शुरू होने से करीब डेढ़ महीने तक बलिया ग्रीन जोन में रहा। यहां एक भी कोरोना मरीज नहीं थे। प्रवासियों का आना शुरू हुआ तो तेजी से मरीज बढ़े हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 37 हो गई है।

भदोही में स्वास्थ्यकर्मी समेत चार नए कोरोना मरीज मिले हैं। यह मरीज सुरियावां सीएससी में कार्यरत है। अन्य तीन लोग प्रवासी हैं। नए मरीजों के साथ ही जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या 40 हो गई है।इनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोगों की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी। इनकी रिपोर्ट का इंतज़ार है। सात लोग स्वस्थ भी हुए हैं। 

सोनभद्र में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पुरना कला गांव का है। कुछ समय पहले मुंबई से आया था। आने के बाद से ही गांव में क्वारंटीन था। नए मरीज को मिलाकर जिले में अब तक कुल नौ पॉजिटिव मिल चुके हैं। सबसे पहला मरीज 10 मई को मिला था। अब वह ठीक होकर अपने घर जा चुका है। एक्टिव केस आठ हैं। इसमें से सात अभी मिर्जापुर में बने कोविड अस्पताल में भर्ती हैं।

'