Today Breaking News

आजमगढ़ में कोरोना से एक और मौत, अफ्रीका से लौटा था युवक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़। आजमगढ़ में कोरोना से एक और मौत हो गई है। अफ्रीका में नौकरी करने वाला युवक 30 मई को अपने घर लौटा था। हालत बिगड़ने पर छह जून को उसकी जान चली गई थी। मरने के बाद हुई सैंपलिंग की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। एक अन्य युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से संक्रमित मरीजों की संख्या 160 हो गई है। इनमें 85 स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। फिलहाल एक्टिव केस 71 हैं। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण बीएचयू रेफर कर दिया गया है। 

जिला प्रशासन के अनुसार बुधवार को दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। एक बिलरियागंज और दूसरा कोयलसा का है। एक युवक की रिपोर्ट मरने के बाद आई है। बिलरियागंज के जोलहापुर का रहने वाला युवक 30 मई को अफ्रीका से भारत आने के बाद अपने घर पहुंचा था। उसकी तबीयत पहले से ही कुछ खराब थी। इसी बीच उसकी हालत बिगड़ी तो एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह जून को उसने दम तोड़ दिया। कोरोना जैसे लक्षणों और ट्रेवेल हिस्ट्री को देखते हुए प्रशासन ने उसकी सैंपलिंग का फैसला लिया। 

स्वास्थ विभाग की टीम ने अंत्येष्टि से पहले युवक और उसके परिवार वालों का सैंपल लिया था। बुधवार को परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट तो निगेटिव आई लेकिन युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव थी। इस तरह कोरोना से जिले में चौथी मौत हो गई है। दूसरा पॉजिटिव युवक कोयलसा के भेदौरा का रहने वाला है। 

वहीं, मेडिकल कालेज में भर्ती कोरोना के दो मरीजों को बीएचयू रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कोरोना के साथ ही अन्य बीमारियों के कारण इनकी हालत ज्यादा खराब हो रही थी। इन दो मरीजों में एक शहर के आसिफगंज का रहने वाला है। उसे लीवर सिरोसिस है। पहले भी उसका इलाज बीएचयू में चल रहा था। दूसरा व्यक्ति मेंहनगर का रहने वाला है। वह ब्रेन स्ट्रोक से जूझ रहा है। सुपर स्पेशलिस्ट न होने की वजह से उसे बीएचयू रेफर किया गया है। 
'