Today Breaking News

वाराणसी में कोरोना से एक और मौत, 10 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में लगातार दूसरे दिन कोरोना पॉजिटिव की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। दस नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।  एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है। उसकी रिपोर्ट मरने का बाद पॉजिटिव आई है। इससे बनारस में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। इससे पहले गुरुवार को भी 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। नए मरीजों में तीन एक ही परिवार के हैं। इसके साथ ही जिले में पांच नए हॉटस्पॉट बनाए जा रहे हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 314 हो गई है। दस लोगों की मौत हो गई है। 220 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 83 है। 

जिला प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को बीएचयू लैब से 125 सैंपल के रिजल्ट मिले। इसमें एक व्यक्ति की पॉजिटिव रिपोर्ट मरने के बाद आई है। बीएचयू में भर्ती 49 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज की 18 जून को किडनी फेल्योर के कारण मौत हो गई। वह भेलूपुर के गौरीगंज का रहने वाला था। इसके अलावा शिवाला स्लम एरिया के तीन मरीज एक ही परिवार के हैं। इनमें 12 वर्षीय और 14 वर्षीय बालक और 33 वर्षीया महिला है। 17 वर्षीय चौथा मरीज भी इसी मुहल्ले का है। 

अन्य मरीजों में 19 वर्षीय युवक लंका के चितईपुर का है। यह मरीज एक निजी अस्पताल का कर्मचारी है। 23 वर्षीय मरीज हुकुलगंज का है। यह पेशे से फोटोग्राफर है। 66 वर्षीय महिला मरीज चोलापुर के दानगंज की है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आए मरीज की पड़ोसी है। 

33 वर्षीय मरीज फूलपुर के सगुनहा का है। यह मरीज बाबतपुर एयरपोर्ट पर तैनात था। 68 वर्षीय मरीज सारनाथ के टड़िया का रहने वाला है। पिछले 6 वर्षों से शूगर से ग्रसित था। कुछ दिनों से हर्निया की परेशानी होने पर इलाज कराने गए जहां पर इनका सैंपल लिया गया था। 56 वर्षीय मरीज शिवपुर के जनकपुरी कॉलोनी का है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आया था। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती दो कोरोना पॉजिटिव मरीज की फॉलोअप सैंपल का परिणाम निगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया। 

नए मरीजों के साथ ही पांच नए  हॉटस्पॉट भी बनए गए हैं। अब शिवाला स्लम एरिया थाना भेलूपुर, चितईपुर थाना लंका, जनकपुरी कॉलोनी थाना शिवपुर, सगुनहा थाना फूलपुर एवं अमनपुरी कॉलोनी थाना सारनाथ हॉटस्पॉट बनेगा। इस प्रकार जिले में हॉटस्पॉट की संख्या 163 हो गई है। आज हॉटस्पॉट वैष्णव विहार कॉलोनी थाना रोहनियां ग्रीन जोन में आ गया है। इस प्रकार 86 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 77 है। इसमें 26 ऑरेंज और 51 रेड हैं। 

शुक्रवार को 155 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 8659 सैंपल लिये जा चुके हैं। इसमें 8424 सैंपल का रिजल्ट मिल चुका है। 235 सैंपल का परिणाम आना बाकि है।
'