विकास योजनाओं का हाल जानने वाराणसी आ रहे योगी, आजमगढ़ भी जाने की संभावना
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की दोपहर वाराणसी आ रहे हैं। वह सोमवार को ही आजमगढ़ भी जा सकते हैं। इससे पहले 14 मार्च को सीएम वाराणसी आए थे। सीएम गोरखपुर से हेलीकॉप्टर से वाराणसी के पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से सर्किट हाउस जाएंगे।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों के साथ जिले में चल रहीं विकास परियोजनाएं व जनकल्याणकारी योजनाओं के बाबत समीक्षा बैठक करेंगे। इसके साथ ही मंत्री, विधायक सहित भाजपा के पदाधिकारियों संग मीटिंग भी करेंगे।
मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर भी जाएंगे। यहां दर्शन-पूजन के बाद काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। सीएम के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने निर्माणाधीन कार्यस्थल पर तैयारी शुरू कर दी थी। देर रात तक मंदिर से लेकर मणिकर्णिका घाट और ललिता घाट तक पैदल जाने के लिए जेसीबी से मिट्टी समतल कर अस्थायी मार्ग तैयार कराया गया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल, मैटीर्निटी विंग का भी निरीक्षण कर सकते हैं। वह कोरोना मरीजों के लिए लेवल-1 के पांडेयपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल भी जा सकते हैं।मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल तथा जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने रविवार की देर शाम शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल, ईएसआईसी हास्पिटल का औचक निरीक्षण किया। मंडलीय अस्पताल के भवन सहित परिसर का कोना-कोना देखा और सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश सीएमएस को दिया।
आज़मगढ़ ब्यूरो के अनुसार सीएम योगी के आने का शासन से संकेत मिला है। सीएम के आगमन को देखते हुए मुख्यालय पर तैयारियां देर रात तक चलती रहीं। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो सीएम का हेलीकॉप्टर दोपहर बाद पुलिस लाइन में उतर सकता है। पुलिस लाइन को साफ सफाई कर तैयार कर दिया गया है। बताया जाता है कि सीएम राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड एल 3 लेवल हॉस्पिटल, इटौरा स्थित एल 3 लेवल हॉस्पिटल या फिर सदर अस्पताल का निरीक्षण कर सकते हैं।
