Today Breaking News

वाराणसी में कोरोना का कहर: 28 और संक्रमित, BHU में भर्ती महिला की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में कोरोना कहर ढा रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या में अब तक का सबसे बड़ा इजाफा हुआ। 28 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों में 14 लोग बड़ी पियरी और राजमंदिर के दो परिवारों से हैं। अन्य लोगों में बीएचयू के डाक्टर, शिवपुर थाने का पुलिसकर्मी, निजी अस्पताल का सफाईकर्मी और लंका पर दवाई की दुकान चलाने वाला कारोबारी शामिल है। 

एक कोरोना मरीज की मौत भी हो गई है। बीएचयू में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला ने रविवार को दम तोड़ दिया। कबीरचौरा की रहने वाली 67 वर्षीय महिला हाइपरटेंशन से पीड़ित थी। उसे 17 जून को बीएचयू में भर्ती कराया गया था। वाराणसी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 451 हो गई है। 274 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 160 है। जिला प्रशासन के अनुसार रविवार को 425 सैंपल के परिणाम मिले। 

दो परिवारों के चौदह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
नए संक्रमितों में 14 लोग दो परिवारों के हैं। बड़ी पियरी के पहले से संक्रमित मरीज के नौ परिजनों और राजमंदिर के संक्रमित मरीज के परिवार के पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दो साल का बच्चा भी शामिल है।चेतगंज के बड़ी पियरी के पॉजिटिव मरीज के परिवार के नौ लोग हैं। इनमें 28 वर्षीय पुरूष, 29 वर्षीय पुरूष, 19 वर्षीय पुरूष, 16 वर्षीय महिला, 23 वर्षीय महिला‚ 23 वर्षीय पुरूष, 24 वर्षीय महिला, 24 पुरूष और 44 वर्षीय महिला मरीज शामिल है। इसी तरह कोतवाली के राजमंदिर के पॉजिटिव मरीज के परिवार के पांच लोग हैं। इनमें 52 वर्षीय पुरूष‚ 21 वर्षीय पुरूष‚ 26 वर्षीय महिला, 2 वर्षीय बच्चा और 21 वर्षीय महिला शामिल हैं। 

14 अन्य मरीजों में अस्थाई जेल की महिला भी 
अन्य 14 मरीजों में पहला 25 वर्षीय मरीज शीतल नगर नटनियां दाई थाना शिवपुर से है। यह मरीज नोएडा से 26 जून को वाराणसी आया था। 66 वर्षीय दूसरी महिला मरीज मकबूल आलम रोड खजुरी गोला थाना कैण्ट की है। यह एक गृहिणी हैं। तीसरा 46 वर्षीय पुरूष मरीज कृष्णा अपार्टमेण्ट महमूरगंज थाना भेलूपुर का है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज के कांटैक्ट से है। चौथा 60 वर्षीय पुरूष मरीज और पांचवीं 55 वर्षीय महिला मरीज महावीर विहार भगवानुपुर थाना सिगरा से है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज के कांटैक्ट का है। 

इसके अलावा 20 वर्षीय पुरूष मरीज गोपालगंज अवसानगंज थाना जैतपुरा का है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटव आये मरीज के कांटैक्ट का है। 48 वर्षीय महिला मरीज शिवपुर से है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज के कांटैक्ट की है। 19 वर्षीय महिला मरीज अस्थाई जेल शिवपुर में दहेज प्रताड़ना में बंद है। उसके पिता, मां और बहन भी जेल में हैं। 20 वर्षीय पुरूष मरीज हुकुलगंज थाना कैण्ट का है। यह मरीज एक निजी चिकित्सालय में सफाईकर्मी है। 51 वर्षीय पुरूष मरीज काशीपुरा थाना चौक से है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज के कांटैक्ट का है। 46 वर्षीय पुरूष मरीज का गिलट बाजार थाना शिवपुर से है। यह मरीज पुलिस विभाग में कार्यरत है। 24 वर्षीय पुरूष मरीज का सम्बन्ध बीएचयू हास्पिटल से है। यह मरीज पेशे से चिकित्सक है। 30 वर्षीय पुरूष मरीज एसएसपीजी हास्पिटल के पास केमिस्ट है। 42 वर्षीय पुरूष मरीज भिटारी रोड गुलाब कुंज थाना मण्डुवाडीह से है। यह एक दुकान चलाते हैं। 

चार नए हॉटस्पॉट
वाराणसी में चार नए हॉटस्पॉट बन गए हैं। कृष्णा अपार्टमेण्ट महमूरगंज थाना भेलूपुर‚ खजुरी गोला मकबूल आलम रोड थाना कैण्ट‚ शीतल नगर थाना शिवपुर और गिलट बाजार थाना शिवपुर नया हॉटस्पॉट बनेगा। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 215 हो गई है l दो हॉटस्पॉट लखरांव थाना भेलूपुर एवं गिरनाथीपुर थाना चौबेपुर ग्रीन जोन में आ चुके हैं। इस प्रकार 117 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ गए हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 98 है। इसमें 24 ऑरेंज और 74 रेड जोन में है। 

298 लोगों की सैंपलिंग
जनपद में आज कुल 298 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 10860 सैंपल जनपद वाराणसी में लिए जा चुके हैं जिसमें से 10307 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। 553 सैंपल का परिणाम आना अभी अवशेष है। प्राप्त परिणामों में 9856 परिणाम नेगेटिव एवं 451 परिणाम पॉजिटिव है।
'