गाजीपुर: निमंत्रण से लौट रहें युवक को बदमाशो ने मारी गोली, हालत गंभीर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर शादियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर कटघरा गांव के पास बुधवार की रात निमंत्रण से लौट रहे शशिकांत सिंह पुत्र स्व रामचन्द्र सिंह निवासी अलीपुर बनगांवा थाना नन्दगंज को अज्ञात बदमाशो ने गोली मार दी। गोली शशिकांत के हाथ में लगते हुए सीधे पेट में लग गई है। घायल शशिकांत का इलाज वाराणसी में चल रहा है। घायल के बहनोई भोला सिंह निवासी नन्दगंज ने अज्ञात हमलावरो के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। भोला सिंह ने बताया कि वह अपने साले शशिकांत सिंह मित्र सुभाष सिहं परिवार के एक दस वर्षीय बच्चे छोटु के साथ अपनी नैनो कार से जखनिया के मदरा गांव से निमंत्रण से लौट रहे थे कि रायपुर कटघरा गांव के पास मोटरसाइकिल को ओवरटेक किया, तभी मोटरसाइकिल सवार ने पीछे से गोली चला दिया और वह घायल होकर गिर पड़े। घटना की सूना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गयी और इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दिया। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह रात में ही घटना स्थल पहुंचकर छानबीन में जुट गये। इस मामले में शादियाबाद थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।