पूर्वांचल के 7 जिलों में 60 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल के सात जिलों में बुधवार को 60 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें सबसे ज्यादा जौनपुर में 25 और वाराणसी में 13 लोगों में संक्रमण मिला है। दोनों जिलों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या दो सौ के पार पहुंच चुकी है। जौनपुर में पॉजिटिव मरीजों की 208 और वाराणसी में 204 हो चुकी है। मऊ में दस, गाजीपुर में सात, आजमगढ़ में तीन, मिर्जापुर और चंदौली में एक-एक व्यक्ति में संक्रमण मिला है।
जौनपुर ब्यूरो के अनुसार बुधवार को 25 नए कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद अफरातफरी मच गयी। इस तरह यहां पॉजिटिवों की संख्या 208 हो गयी है। इसमें एक लेखपाल भी शामिल है। पहली बार ऐसा हुआ है कि शहर का स्थानीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। आशंका है कि प्रवासी मजदूरों के संपर्क में आने से वह पॉजिटिव हुआ हो। वहीं, 15 और लोग स्वस्थ हो गए हैं। जिले में अब कोरोना के 95 एक्टिव मरीज हैं।
वाराणसी में बुधवार को 13 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें टीवी चैनल में काम करने वाला मीडियकर्मी और पांच साल की बच्ची शामिल है। चार लोग तरना के पॉजिटिव आए स्वास्थ्यकर्मी के मकान मालिक के परिवार के सदस्य हैं। मकान मालिक की 30 साल की बेटी, 27 साल का बेटा, 55 साल की पत्नी और 5 साल की नतिनी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक युवक लहरतारा स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल का डॉक्टर है l 13 नए मरीजों के साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 203 हो गई है। इसमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है। 123 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 76 है l
मऊ ब्यूरो के अनुसार बुधवार को सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना में तैनात डॉक्टर सहित 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शहर में भी एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के साथ जिले में कुल 24 हॉटस्पॉट हो गए। पॉजिटिव मिले मरीजों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन करने की साथ उनका सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। नए मरीजों के मिलने से जिले में पॉजिटिव लोगों की संख्या 50 हो गई है। इसमें एक की मौत हो चुकी है। अब तक दस लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
आजमगढ़ ब्यूरो के अनुसार बुधवार को तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का वार्ड व्वाय भी शामिल है। सीएचसी का फार्मासिस्ट पहले ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसी के साथ जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 123 तक पहुंच गई है। इसमेें से 22 मरीज स्वास्थ्य हो चुके हैं। तीन की मौत हो गई है। जबकि 98 एक्टिव मरीज हैं।
गाजीपुर ब्यूरो के अनुसार बुधवार को जिले में सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कासिमाबाद के गांव सुरवत में चार और कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब इस गांव में कुल संक्रमितों की संख्या 19 हो गई है। इससे पहले कासिमाबाद के 15 मरीजों की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई थी। ये सभी संक्रमित मुंबई से लौटे हैं। इसके साथ ही करंडा के नरायनपुर निवासी तीन श्रमिक भी कोराना संक्रमित पाए गए हैं। सात नए मामलों के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 135 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 67 हैं। अभी तक 68 मरीज ठीक हो चुके हैं।
चंदौली में बुधवार को एक और कोरोना पॉज़िटिव मिला। पॉजिटिव मरीज महाराष्ट्र से नौगढ़ ब्लॉक के मझगांवा आया था। नए मरीज के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 27 हो गई है। इसमें 15 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 11 एक्टिव केस हैं।
मिर्जापुर में एक महिला कोरोना पॉजिटिव आई है। वह राजगढ़ ब्लाक के लालपुर नौडिहवा गांव की निवासी है। उसका पति पहले पॉजिटिव आया था। वह मुम्बई से पंद्रह दिनों पूर्व लौटा था। पॉजिटिव महिला को विंध्याचल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। इससे पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। जिले में अब तक कुल 35 पॉजिटिव मरीज मिल चुके है। इनमें 24 स्वस्थ्य हो कर घर लौट चुके है।