मनरेगा कार्य में जेसीबी चलने पर होगी एफआईआर - DM
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मनरेगा के तहत चलने वाले कार्यों को लेकर जिलाधिकारी काफी सख्त हो गए हैं। आदेश जारी करते हुए सख्त चेतावनी दिए हैं कि अगर मनरेगा कार्य में जेसीबी चली तो प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही वसूली भी की जाएगी। इसके अलावा सचिव को तत्काल निलंबित कर वसूली की जाएगी।
जेसीबी से मनरेगा कार्य कराए जाने की लगातार शिकायत मिल रही है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि ऐसी शिकायत मिलने पर तकनीकी एवं ग्राम रोजगार सेवक की सेवा समाप्ति कर वसूली की जाएगी। इसके लिए अंतिम रूप से खंड विकास अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे। खंड विकास अधिकारी मनरेगा के कार्यों की लगातार निगरानी करते रहेंगे। डीएम ने आदेश दिया है कि अपने क्षेत्रों में कार्य कराने से पूर्व ग्राम पंचायत से प्रमाण पत्र प्राप्त करें कि पूर्व में इस कार्य पर ग्राम पंचायत या अन्य कार्यदायी संस्था से कार्य नहीं कराया गया है। कार्य किसी ठेकेदार या मशीनरी से नहीं कराया जाएगा। इसके पश्चात आईडी जेनरेट कर नियमानुसार समस्त कार्रवाई पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ कराएं। संबंधित परियोजना ग्राम पंचायत के वित्तीय वर्ष की कार्य योजना में सम्मिलित होना आवश्यक है।
