पूल टीचर के रूप में शिक्षकों व प्रवक्ताओं की चयन प्रक्रिया शुरू
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सैदपुर, जिले के राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त सहायक अध्यापकों एव प्रवक्ताओं का पूल टीचर के रूप में रखने की चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी काउंसिलिग 19 एवं 20 जून को जिला मुख्यालय पर दिन में 11 बजे से होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय का निर्देश सभी प्रधानाचार्यों को प्राप्त हो चुका है।
पूल टीचरों को मानदेय पर शिक्षण कार्य के लिए रखा जाएगा। पूल टीचर के रूप में उन्हीं सेवानिवृत्त शिक्षकों का चयन किया जाएगा जो 70 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं किए हैं। ऐसे टीचरों का चयन उन पदों पर किया जाएगा जो किसी शिक्षक के छह माह से अधिक समय के लिए अवकाश पर जाने से रिक्त हुआ है अथवा शिक्षक के आकस्मिक निधन अथवा सेवाच्युत किए जाने से रिक्त हुआ है अथवा यह पद पहले से रिक्त है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पूल टीचरों के चयन के लिए 19 एवं 20 जून की तिथि काउंसिलिग के लिए निर्धारित की है। पहले दिन सहायक अध्यापकों और दूसरे दिन प्रवक्ताओं की काउंसलिग की जाएगी। काउंसलिग करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक कुमार सिंह होंगे। समिति के अन्य सदस्यों में राजकीय सिटी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र कुमार, राजकीय हाई स्कूल सौरी के प्रधानाचार्य राम अवतार यादव, राजकीय हाई स्कूल मखदूमपुर के प्रधानाचार्य सीपी सिंह और राजकीय हाई स्कूल कटरिया के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार विश्वास शामिल होंगे।
शिक्षकों की कमी दूर करने का उपाय
समिति के सदस्य राम अवतार यादव ने बताया कि यह नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से चयनित अभ्यर्थी के आने तक ही प्रभावी रहेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान मे राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में अधिकांश विषयों के शिक्षक नहीं है। राजकीय विद्यालयों की हालत दयनीय है। यहां एक या दो शिक्षकों के बल पर ही अधिकांश विद्यालय चल रहे हैं। यही कारण है कि सरकार ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को मानदेय पर खने का फैसला लिया है।
