गाजीपुर: पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर बदमाश
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपितों का चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मुहम्मदाबाद संवाद के अनुसार शाहनिंदा चौकी इंचार्ज संदीप दूबे अपने हमराहियों के साथ महादेवा मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर खड़े थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश तमंचा के साथ ईदगाह वाले रास्ते से जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुर्शीद पुत्र सदरू निवासी कचहरी मंगल बाजार थाना मुहम्मदाबाद बताया। तलाशी में पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया। वहीं सेवराई संवाद के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के मश्रवलिया नहर पुलिया के पास से पुलिस ने एक युवक को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम लहना गांव निवासी इशा खान पुत्र अख्तर खान बताया। गहमर कोतवाल विमल मिश्रा व चौकी इंचार्ज सेवराई ओंकार तिवारी ने बताया कि आरोपित का चालान कर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
