Today Breaking News

विभागीय लापरवाही के चलते बारिश में भीग कर सड़ गए सैंकड़ों कुंतल धान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. स्थानीय तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समिति देवल पर विभागीय लापरवाही के चलते सैंकड़ों कुंतल धान सड़ रही हैं। इससे सरकार के राजस्व को लाखों का नुकसान पहुंचा है। हद तो यह है कि सचिव ने धान की बोरियों को ढकवाना तक मुनासिब नहीं समझा। इसके चलते हाल में हुई बारिश के चलते सैंकड़ों धान की बोरियां जहां भीग गई, वहीं कई बोरियों के फट जाने से सैंकड़ों कुंतल धान सड़ गए हैं और उससे अंकुर तक निकल आए हैं।

प्रदेश सरकार के निर्देश के बावजूद विभाग अपने दायित्वों से विमुख बना हुआ है। एक तरफ जहां लोगों को अनाज तक मयस्सर नहीं हो पा रहा है, तो दूसरी ओर अनाज की इस बर्बादी को देखकर विभाग के प्रति आक्रोश भी फूट पड़ रहा है। कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से किसानों से खरीद कर रखी गई सैंकड़ों कुंतल धान साधन सहकारी समिति देवल पर भीग कर खराब हो गई हैं। सड़ रहे धान से उगे अंकुर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कई दिनों से बाहर पड़ा था। सरकार के राजस्व को धान खराब होने से लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। चार माह पहले साधन सहकारी समिति देवल पर सैंकड़ों कुंतल धान की खरीदारी हुई थी, लेकिन सचिव की लापरवाही की वजह से साधन सहकारी समिति देवल पर खुले आसमानों के नीचे पड़ी रही। इस संबंध में सहकारी समिति के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि इसके बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। मौका पर जाकर देखने के बाद बता पायेंगे। अगर धान सड़ा होगा, तो अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।