Today Breaking News

वाराणसी में 5 साल की बच्ची और मीडियाकर्मी समेत 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में बुधवार को 13 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें टीवी चैनल में काम करने वाला युवक और पांच साल की बच्ची शामिल है। चार लोग तरना के पॉजिटिव आए स्वास्थ्यकर्मी के मकान मालिक के परिवार के सदस्य हैं। मकान मालिक की 30 साल की बेटी, 27 साल का बेटा, 55 साल की पत्नी और 5 साल की नतिनी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक युवक लहरतारा स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल का डॉक्टर है l 

जिला प्रशासन के अनुसार बीएचयू लैब से 71 सैंपल की रिपोर्ट मिली। 13 नए मरीजों के साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 203 हो गई है। इसमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है। 123 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 76 है l 

शिवपुर के तरना स्थित स्वास्थ्यकर्मी के मकान मालिक के परिवार के चार लोगों के अलावा जिन नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसमें पहला व्यक्ति 44 वर्षीय युवक लंका के साकेत नगर का रहने वाला है l दिल्ली में एक न्यूज़ चैनल में काम करता है। दिल्ली से 27 मई को फ्लाइट से वापस वाराणसी आया था l मरीज का ईएसआईसी अस्पताल में जांच के उपरांत सैंपल लिया गया। 

दूसरा 43 वर्षीय युवक बड़ागांव के लोकापुर का रहने वाला है l मुंबई से कार से वाराणसी आया। मुंबई में एक अस्पताल के रिसेप्शन पर काम करता था। तीसरी प्रवासी मरीज 46 वर्षीय एक महिला बड़ागांव के ग्राम भटौली काजी सराय की रहने वाली है। मुंबई से ट्रेन से वाराणसी आई थी। चौथा 30 वर्षीय युवक बड़ागांव के भटौली काजिसराय का रहने वाला है l मुंबई से ट्रेन से आया था। मुंबई में निजी कंपनी में जॉब करता है। पांचवां 41 वर्षीय युवक फूलपुर के ग्राम देवराई का रहने वाला है। मुंबई से ट्रक से वाराणसी आया था। मुंबई में चाय की दुकान चलाता था l

छठी 35 वर्षीय युवती चोलापुर के ग्राम बसाओ विक्रमपुर की रहने वाली है। मुंबई से ट्रेन द्वारा वाराणसी आई थी। सातवां 40 वर्षीय युवक कपसेठी के हरिभानपुर का रहने वाला है। मुंबई से ट्रक से वाराणसी आया था। मुंबई में ऑटो चलाता था। आठवां 21 वर्षीय युवक कपसेठी के हरिभानपुर का ही रहने वाला है। मुंबई से ट्रक से वाराणसी आया था। मुंबई में यह अकाउंटेंट था। नौवां 33 वर्षीय युवक बालाजी कॉलोनी सामने घाट लंका का रहने वाला है।यह युवक होमी भाभा कैंसर अस्पताल वाराणसी में फैलोशिप डॉक्टर है।

साकेत नगर समेत छह नए हॉटस्पॉट, 104 हुई संख्या
वाराणसी में साकेत नगर समेत छह नए हॉटस्पॉट बन गए हैं। इन्हें सील करने की तैयारी हो रही है।साकेत नगर के अलावा लंका का ही बालाजी नगर सामने घाट, बड़ागांव के लोकापुर और भटौली, फूलपुर का देवराई और चोलापुर का बसाओ विक्रमपुर हॉटस्पॉट बन गए हैं। इस प्रकार हॉटस्पॉट की संख्या 104 हो गई है l नरिया एवं गरखड़ा हॉटस्पॉट आज ग्रीन जोन में आ गए। अब 32 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं l एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 72 है। इसमें से 31 ऑरेंज जोन और 41 रेड जोन में है l

शूलटंकेश्वर की जगह जानकीनगर का अपार्टमेंट हॉटस्पॉट
निजी अस्पताल के डाक्टर के मंगलवार को पॉजिटिव आने के बाद रोहनिया के शूलटंकेश्वर को हॉटस्पॉट बनाया गया था। रोहनिया थानाध्यक्ष से सूचना मिली कि डॉक्टर शूलटंकेश्वर की जगह भेलूपुर के जानकीनगर स्थित अपार्टमेंट में रहते थे। इसे देखते हुए शूलटंकेश्वर के स्थान पर जानकीनगर के अपार्टमेंट को हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है। 

142 और लोगों की सैंपलिंग
जनपद में आज कुल 142 सैंपल कलेक्ट किए गए l 6190 सैंपल अब तक कलेक्ट किए जा चुके हैं l जिसमें से 5635 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुका है 555 सैंपल का परिणाम आना अभी अवशेष है l परिणामों में 203 पॉजिटिव एवं 3432 नेगेटिव है.
'