गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद गंगा में कूदा दवा कारोबारी का बेटा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में मच्छोदरी इलाके में रहने वाले दवा कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे ऋषभ गुप्ता की लाश गायघाट के बगल में स्थित शीतला घाट पर गंगा में उतराई मिली। घाट के ऊपर ही कुछ दूर गली में उसकी एक्टिवा भी लावारिस हाल में खड़ी मिली। घटना की सूचना पाकर परिजनों के साथ आदमपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार किसी लड़की से युवक का प्रेमप्रपंच चल रहा था।गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद उसने गंगा में कूदकर जान दे दी।
पिता सुनील गुप्ता के अनुसार गुरुवार की रात ऋषभ खाना खाने के बाद मुकीमगंज स्थित दूसरे मकान पर सोने के लिए स्कूटी से निकला था। देर रात तक वह दूसरे घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। शुक्रवार की सुबह आदमपुर थाने पर ऋषभ की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे। इसी दौरान सूचना मिली कि गायघाट के बगल में शीतला घाट पर 22 वर्षीय युवक की लाश मिली है।
पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंचे। ऋषभ की लाश देखते ही कोहराम मच गया। दो भाइयों में ऋषभ छोटा था और अपने पिता के साथ बिरला हॉस्पिटल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर बैठता था। आदमपुर पुलिस ने बताया कि गुरुवार की रात घर से निकलने के बाद उसने अपनी गर्लफ्रेंड से बात की। इसके बाद वह गायघाट पहुंचा और अपनी स्कूटी गली में खड़ी करके शीतला घाट पर मढ़ी से गंगा में कूदकर जान दे दी।
