Today Breaking News

बलिया आएंगे CM योगी आदित्‍यनाथ, कोरोना और बाढ़ की तैयारियों की गहन समीक्षा कर सकते हैं!

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस रविवार को बलिया जिलेे केे दौरे पर आ सकते हैं। अचानक उनका कार्यक्रम तय होने के बाद सभी विभागों में हड़कंप मच गया है। जानकारी होने के बाद सभी विभागीय अधिकारी अलर्ट मोड में आ गए हैं। साफ-सफाई संग और भी कई तरह की तैयारियां होने लगी हैं।

शनिवार को जानकारी होने के बाद सुबह ही कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल आदि स्थानों पर व्यवस्था चाक -चौबंद करने में प्रशासिनक अमला सक्रिय दिखा। सीएम के आगमन को लेकर अभी प्रोटोकाल विभाग या आधिकारिक स्तर पर जिला प्रशासन की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन लखनऊ से मौखिक तौर पर मिली सूचना से सभी अधिकारी सीएम के आगमन को निश्चित मानकर चल रहे हैं। 

मुख्यमंत्री के जिले में आगमन को बलिया में कोरोना के बढ़ते प्रकोप से जोड़कर देखा जा रहा है। इन दिनों बलिया में हर दिन बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। वहीं इस मामले में कई तरह की शिकायतें भी शासन स्तर तक पहुंची हैं। इन दिनों यह जनपद गंगा और सरयू के बाढ़ से भी तबाह हो रहा है। इस साल शासन से धन जारी होने के बाद भी बाढ़ विभाग की ओर से कार्य पूर्ण नहीं किए गए हैं। संभव है कि मुख्यमंत्री यहां विभागवार समीक्षा करेंगे। इस बात को लेकर सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभागों के डाटा दुरूस्त करने में जुट गए हैं।

'