Today Breaking News

मुख्तार अंसारी के इशारे पर झुन्ना पंडित ने पंजाब में किया था समर्पण, पुलिस चला रही अभियान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। विधायक मुख्तार अंसारी गैंग पर नकेल कसने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। जिले में लगातार हत्या करने के बाद सूर्खियों में आए झुन्ना पंडित पर भी पंजाब जेल में बंद मुख्तार का हाथ है। इसका पता पुलिस को तब चला जब उसने झुन्ना को यूपी बार्डर पार कराया। इतना ही नहीं पुलिस मुठभेड़ से बचाने के लिए विधायक ने उसे पंजाब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कराया था।

पिछले दिनों मुख्तार अंसारी के करीबियों को अवैध बूचड़खाने चलाने और मछली बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सोमवार को जिले में मुख्तार के गिरोह से जुड़े एक और गुर्गे मोहम्मद सलीम उर्फ सलीम को मछली समेत पकड़ा गया। सलीम समेत सात को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्तार के करीबियों का प्रतिबंधित मछलियों का व्यापार ही नहीं बल्कि लोगों से रंगदारी वसूलने, जबरदस्ती टेंडर हथियाने समेत अनेक काले धंधे चल रहे हैं।

करीब दो दशक से बाहुबली का जिले में वर्चस्व है। इसको लेकर कई बार माफिया सरगना के अन्य गिरोह से झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। हालांकि मऊ-गाजीपुर के बाद वाराणसी में लगातार हो रही कार्रवाई के बाद गिरोह के सदस्यों में हड़कंप मच गया है। कई गैंगस्टर भूमिगत हो गए हैं। इसे पुलिस अपनी उपलब्धि भी मान रही है, लेकिन देखना यह है कि किस हद तक इस गिरोह पर शिकंजा कस पाएगा।

पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि इसके तहत ही मुख्तार अंसारी गैंग के झुन्ना पंडित, रवि पटेल, अभिषेक सिंह समेत लगभग 13 लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई और गैंग भी पंजीकृत किया गया है। यही नहीं मुख्तार के इशारों पर ही झुन्ना पंडित पंजाब में हाजिर हुआ था। ऐसा माना जा रहा है कि मुख्तार के सहयोग से ही वह पंजाब में भी दाखिल हुआ था। उसी गैंग से जुड़े अभिषेक सिंह हनी को भी रंगदारी के मामले में दो मुकदमों में जेल भेजा गया था।

'