Today Breaking News

वाराणसी में मिले 161 कोरोना पॉजिटिव 3 की मौत, पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी कहर जारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में रविवार को कोरोना से तीन और लोगों की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। संक्रमितों की संख्या में भी जबरदस्त उछाल आया है। रविवार की सुबह 81 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शाम में 80 और लोग संक्रमित मिले। इससे एक ही दिन में 161 संक्रमित बढ़ गए हैं। नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या 2085 हो गई है। 

रविवार को 26 लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया। स्वस्थ होने वालों की संख्या 855 हो गई। अब एक्टिव मरीज 1188 हैं। इनका इलाज बनारस के अलग अलग अस्पतालों में चल रहा है। काफी संख्या में लोग होम आइसोलेट भी हो रहे हैं। घर पर ही इलाज हो रहा है। शाम सात बजे तक नए मरीजों की विस्तृत रिपोर्ट नहीं आ सकी थी।

वाराणसी के साथ ही पड़ोसी जिलो में भी कोरोना का कहर जारी है। आज़मगढ़ में 59 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 689 हो गई है। अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां 308 एक्टिव केस हैं। स्वस्थ होकर 369 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। आजमगढ़ में पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनका बेटा और भतीजी भी संक्रमित है। भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य कृष्ण मुरारी को हफ्ते भर से बुखार था। घर पर ही इलाज चल रहा था।

भदोही में रविवार को छह बंदियों समेत 24 कोरोना मरीज मिले। इससे संक्रमितों की संख्या 391 पहुंच गई है। यहां अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 200 लोग ठीक भी हुए हैं। बलिया में रविवार को 54 पॉजिटिव मिले। इससे यहां मरीजों की संख्या 1294 हो गई। एक्टिव मरीजों की संख्या यहां  615 हो गई है। मिर्जापुर रविवार को सर्वाधिक 38 मरीज मिले। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। मऊ में पुलिसकर्मी व बैंककर्मी समेत 14 कोरोना पॉजिटिव मिले है। 

'