Today Breaking News

योगी सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री मोती सिंह कोरोना पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री मोती सिंह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। लक्षण के आधार पर सिविल अस्पताल में जांच कराई गई थी। यहां ट्रूनेट मशीन से जांच हुई है।  

स्वास्थ विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी आरटी पीसीआर से भी जांच कराई जाएगी। फिलहाल मंत्री के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की जा रही है। लक्षणों के आधार पर जांच कराई जाएगी। वहीं सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि अभी पक्की जांच के लिए नमूना भेजा गया है। टूनेट जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

भाजपा से लगातार तीन बार विधायक रह चुके मोती सिंह, भाजपा की टिकट पर 1996 में यूपी के पट्टी विधानसभा से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे। फिर भाजपा के टिकट पर वे 2002 में पुन: इसी क्षेत्र से विधायक बने। 2003 में वे यूपी की भाजपा सरकार में कृषि राज्य मंत्री रहे। 2007 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर वे तीसरी बार पुन: विधायक बने।

साल 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद वे हार गए थे 2012 चुनाव में हारने के बाद वे हाईकोर्ट पहुंच गए थे। उल्लेखनीय है कि 2012 के प्रतापगढ़ की पट्टी विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी के राम सिंह ने भाजपा के मोती सिंह को शिकस्त दी थी। राम सिंह को 61434 वोट मिले थे। उन्होंने मोती सिंह को 156 वोट से हराया था। मोती सिंह को 61278 वोट मिले थे। इस परिणाम को मोती सिंह ने चुनौती दी थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के विधायक की विधानसभा सदस्यता को रद कर दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट के फैसले में वे पुन: विधायक हो गए थे, लेकिन इस फैसले के खिलाफ सपा के विधायक रामसिंह सुप्रीम कोर्ट चले गए।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव परिणाम फिर से उनके पक्ष में रहा। उन्हें कुल 74428 मत मिले और उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी सपा के राम सिंह को कुल 73051 मत मिले। वर्ष-2017  में उन्होने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली।
'