Today Breaking News

रक्षा बंधन पर आज रात से चलेंगी 3200 अतिरिक्त बसें, महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने रविवार को विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रक्षाबंधन पर्व पर माताओं-बहनों को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के लिए प्रदेशभर में 3200 अतिरिक्त बसें चलाई जाएं। यह सुविधा रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की मध्य रात 12 बजे तक रहेगी।

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डा. राज शेखर ने बताया कि अग्रिम आरक्षण व बुकिंग काउंटर से महिलाओं के लिए इस अवधि में यात्रा शुरू करने के लिए खरीदे गए टिकट का पैसा वापस करने की व्यवस्था होगी। ऑनलाइन व एपीआई से खरीदे गए महिला टिकट की धनराशि 3 अगस्त के उपरांत स्वत: ऑनलाइन रिफंड हो जाएगी। 3 अगस्त की तिथि से यात्रा के लिए महिला यात्री द्वारा काउंटर से अग्रिम क्रय किए गए टिकट की धनराशि का रिफंड निगम के किसी भी काउंटर से यात्रा समाप्ति के 72 घंटे के अंदर प्राप्त किया जा सकेगा।

रक्षाबंधन पर्व पर संचालित होने वाली सभी बस सेवाओं में निगम द्वारा पूर्व से निर्धारित सुरक्षात्मक मानकों में बस स्टेशन पर थर्मल स्कैनिंग, हैंड सैनिटाइजर, बसों एवं बस स्टेशन पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाएगी। चालकों व परिचालकों के लिए मास्क, ग्लव्स पहनना जरूरी होगा। यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को मास्क पहनना जरूरी होगा। सभी बसों में सीट क्षमता के अनुरूप यात्रियों को बैठने की अनुमति होगी। सीट क्षमता से अधिक यात्री होने की दशा में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने आंकड़ा देते हुए बताया कि वर्ष 2017 में 11.16 लाख, वर्ष 2018 में 11.69 लाख और वर्ष 2019 में 12.4 लाख महिलाओं ने रक्षाबंधन पर्व पर मुफ्त बस की यात्रा की थी।
'