Today Breaking News

अमेरिकी महिला की गेस्टहाउस में मिली लाश, तंत्र मंत्र सीखने आई थी वाराणसी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में कई महीनों से तंत्र मंत्र की साधना में जुटी अमेरिकी महिला सिंथिया मिशेल शुक्रवार की सुबह दशाश्वमेध घाट स्थित एक गेस्ट हाउस में मृत मिली। अमेरिका के साउथ डेकोटा की 38 वर्षीया सिंथिया यहां मणिकर्णिका घाट पर रहकर तंत्र-मंत्र की विद्या सीख रही थी। पुलिस ने शव को बीएचयू मोर्चरी में रखवा दिया है। मौके पर पहुंची अभिसूचना इकाई ने पूरा ब्योरा जुटाया। प्रशासन की ओर से अमेरिकी दूतावास को सूचना दे दी गई है। वहां से मिले निर्देश के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
सिंथिया मिशेल 15 नवंबर 2019 को वाराणसी आई थी। फिर तंत्र-मंत्र विद्या सीखने वाले अपने कुछ पहचान वाले अमेरिकियों के साथ मणिकर्णिका घाट के उस पार गंगा किनारे रेती पर रहने लगी। वहीं पर घाट किनारे तंत्र साधना करती थी। लॉकडाउन के दौरान सिंथिया समेत अन्य लोगों को रामनगर क्षेत्र के शेल्टर होम में रखा गया था।

जून में शेल्टर होम से दोबारा मणिकर्णिका घाट पर रहने लगी थी। पिछले महीने की 22 तारीख से पांडेय घाट स्थित गेस्ट हाउस में रहने लगी थी। यहां कमरा नंबर 101 में रह रही सिंथिया शुक्रवार सुबह तक नहीं जगी तो गेस्ट हाउस के कर्मचारी पहुंचे। दरवाजा खोला तो वह मृत पड़ी थी।

दशाश्वमेध पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर बीएचयू मोर्चरी भेजा। गेस्ट हाउस में रहने वाली इजराइल की एक अन्य महिला सिंथिया की दोस्त थी। इजराइली महिला ने बताया कि सिंथिया बीमार चल रही थी। जयपुर में एक डॉक्टर को भी दिखा रही थी। इधर, 15 दिन से तबीयत अधिक खराब थी। दशाश्वमेध इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि दूतावास के निर्देश पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

काली की उपासक थी सिंथिया
सिंथिया मां काली की उपासक थी। तंत्र-मंत्र में विश्वास रखती थी। श्मशान घाट पर रात में जाकर घंटों साधना करती थी। घाट पर विदेशी मूल के अघोरियों का एक ग्रुप है, इससे वह जुड़ी थी। उन्हीं के साथ रहती थी। उसके कमरे से भी तांत्रिक छड़ी, माला, दुर्गाजी की मूर्ति, बैग आदि मिला है। कुछ रुपये भी मिले हैं। उसे नशे की लत थी। वह गांजा पीती थी। रामनगर स्थित शेल्टर होम में रहने के दौरान भी अक्सर नशे के लिए उसका पुलिसकर्मियों से झगड़ा होता रहता था।