सातवीं में पढ़ने वाली बच्ची को घर बुलाकर स्कूल प्रबंधक ने किया रेप, गिरफ्तार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर। गोरखपुर में एक स्कूल प्रबंधक ने अपने ही स्कूल में पढ़ने वाली सातवीं की बच्ची को घर बुलाकर रेप किया। प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्ची के पिता ने गोरखपुर के गोला थाने पर दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी हरेंद्र यादव के विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। बीते 29 जुलाई को छात्रा की बहन का जन्मदिन था जिसमें प्रबन्धक भी आए थे। इस दौरान उन्होंने नाबालिग छात्रा को अगले दिन घर बुलाया था। आरोप है कि जब अगले दिन यानी 30 जुलाई को नाबालिग छात्रा उनके घर गई तो प्रबंधक ने उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। छात्रा ने घर आकर परिवारीजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि प्रबन्धक ने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर धमकी भी दी थी।
31 जुलाई को पिता ने गोला थाने पर तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवारीजन तत्कालीन एसएसपी से भी मिले लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में नवागत एसएसपी से परिवारीजन मिले। जिसके बाद एसएसपी जोगिंदर कुमार के निर्देश पर 25 अगस्त को गोला पुलिस ने आरोपित प्रबन्धक हरेंद्र यादव के खिलाफ धमकी देने, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट में केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपित को शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर गोला के राजगढ़ इंटर कालेज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा है। मेडिकल के बाद उसका कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। इस सम्बन्ध में एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
