शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाएं, अपराधों पर नियंत्रण लगाएं : सीएम योगी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में शान्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि विभिन्न प्रकार के रंजिश के मामलों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर भारी मुचलकों पर पाबन्द करने और शस्त्र लाइसेंसों के दुरुपयोग की घटनाओं में तत्परता से प्रभावी कानूनी कार्यवाही की जाए।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी निर्देश भेजे जा चुके हैं। कहा गया है कि शान्ति एवं व्यवस्था के दृष्टिगत आपसी रंजिश, पंचायत चुनाव संबंधी रंजिश, विवादजन्य रंजिश के मामलों को अभियान चलाकर चिन्हित किया जाए। चिन्हित मामलो में प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और उन्हें भारी मुचलके पर पाबन्द किया जाए।
शासन द्वारा कहा गया है कि पाबन्दी का उल्लघंन कर शान्ति भंग करने वालों को प्राथमिकता पर चिन्हित कर उनसे मुचलके व बंधपत्र राशि की वसूली सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारियों को इस बात के सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पाबन्द करने के बाद भी शान्ति भंग करने वालो को प्राथमिकता पर चिन्हित कर उनसे मुचलके बंध पत्र की राशि की वसूली कर नियमानुसार संख्त कार्यवाही भी की जाए। शासन द्वारा यह भी निर्देश दिये गये हैं कि शस्त्र लाईसेंसो के दुरूपयोग की घटनाओं पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाय। शस्त्र के दुरूपयोग करने वाले शस्त्र लाईसेंस धारियों के शस्त्र लाईसेंस निरस्त करने की कार्यवाही भी तत्परतापूर्वक नियमानुसार की जाय।