Today Breaking News

संसद के मॉनसून सत्र से पहले सभी सांसदों का होगा कोरोना टेस्ट: लोकसभा स्पीकर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत होने से पहले सभी सांसदों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी। सांसदों को आरटी-पीसीआर परीक्षण से गुजरना होगा, जिसमें उनके नाक / गले से स्वैब लिया जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि कोरोना वायरस ने दुनियाभर में लोकतांत्रिक संस्थानों के कामकाज के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की है। हमें उम्मीद है कि सदस्य कोविड-19 संबंधित दिशानिर्देशों का पालन करते हुए मॉनसून सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग करेंगे।

ओम बिरला ने कहा, 'मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले संसद परिसर में कोविड-19 के लिए जांच कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।'

संसद का आगामी मॉनसून सत्र 10 सितंबर से शुरू हो सकता है। कोविड-19 महामारी के बीच होने वाली इस बैठक में उचित दूरी का पालन सुनिश्चित करने के लिए दोनों सदनों की अलग-अलग बैठकें और सांसदों के लिए बड़े डिस्प्ले वाली स्क्रीन सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस सत्र के दौरान कुल 18 बैठकें होंगी और दोनों सदनों की कार्यवाही शनिवार और रविवार को भी होगी। इसे बारे में विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। इसे बारे में विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

मॉनसून सत्र को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही है क्योंकि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर संसदीय इतिहास में बहुत कुछ पहली बार होने जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, उचित दूरी का पालन करने के लिए नई व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। मसलन, सदस्यों के बैठने के लिए दोनों सदन कक्षों और दीर्घाओं का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। राज्यसभा सचिवालय के मुताबिक सत्र की कार्यवाही के दौरान उच्च सदन के सदस्य दोनों सदन कक्षों और दीर्घाओं में बैठेंगे।