बीएचयू के आइसोलेशन वार्ड से एक और मरीज लापता, थाने को दी भागने की सूचना
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बीएचयू के आइसोलेशन वार्ड से एक और मरीज लापता हो गया है। शनिवार की देर रात बीएचयू की ओर से लंका थाने पर मरीज के भागने की सूचना दी गई है। पिछले ही हफ्ते एक मरीज के भागने की सूचना उसके परिजनों को दी गई लेकिन अगले दिन उसकी लाश बीएचयू अस्पताल में ही मिली थी। अगले दिन मचे हंगामे के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का दावा किया गया था। इससे पहले भी कई मरीजों के भागने की सूचना थाने पर दी जा चुकी है। लेकिन अभी तक एक भी मरीज के बारे में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शनिवार की शाम ही सीएम योगी ने बीएचयू में बैठक कर मरीजों के लापता होने और दो युवकों की सुसाइड पर नाराजगी जताई थी।
शनिवार को लापता मरीज प्रयागराज का रहने वाला था। शुक्रवार को ही उसे बीएचयू में भर्ती किया गया था। लंका एसओ महेश पांडेय के अनुसार बीएचयू से फोन से मरीज के भागने की सूचना दी गई है। वहां से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हम लोग संक्रमित की तलाश कर रहे हैं।
इससे पहले 9 अगस्त को बिहार निवासी युवक के भागने की जानकारी दी गई। वह मिला या नहीं इसकी कोई जानकारी नहीं हुई। 22 अगस्त को डाफी निवासी युवक के आइसोलेशन वार्ड से भागने की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। परिजनों ने हंगामा किया तो उसका शव अस्पताल में ही मिला। एक अन्य युवक की मौत के बाद परिजनों को बताया गया कि खिड़की से कूदकर उसने जान दे दी है।
अब प्रयागराज के मरीज के लापता होने से सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर सवाल खड़ा हो रहा है। एक तरफ मुख्यमंत्री ने कुछ घंटे पहले ही कई निर्देश दिये उसके बाद भी लापरवाही बरती गई है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से मरीजों के भागने के बाद पुलिस को सूचना तो दे दी जाती है लेकिन इस मामले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज कराने की कार्यवाही नहीं हो सकी है। इससे पुलिस भी हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है।
