Today Breaking News

मुख्तार अंसारी की पत्नी और बेटे के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, मऊ में लगातार दूसरे दिन कार्रवाई

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ मऊ में कार्रवाई का सिलसिला शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रैनी स्थित एफसीआई रेंज के गोदाम के आसपास की जमीनों पर मुख्तार अंसारी की पत्नी व साले द्वारा चहारदीवारी का निर्माण करके वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को बुल्डोजर लगाकर मुक्त कराया गया।
अवैध कब्जा हटाने की पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सोनकर की देखरेख में हुआ। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्तार अंसारी की पत्नी व साले ने ग्राम सभा की जमीन व अनुसूचित जाति के लोगों की जमीन पर बिना किसी परमिशन के अवैध कब्जा किया था।

योगी सरकार के सख्त रुख अख्तियार किए जाने के बाद जिला प्रशासन लगातार मुख्तार अंसारी पर नकेल कस रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सोनकर के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस फोर्स थाना दक्षिण टोला के ग्राम सभा रैनी में पहुंची। यहां पर मुख्तार अंसारी की पत्नी व व साले ने एफसीआई रेंज के गोदाम के आसपास की ग्राम सभा की जमीनों पर चहारदीवारी का निर्माण करके अवैध कब्जे एवं अनुसूचित जाति के लोगों की जमीनों को तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा बिना परमिशन के अवैध कब्जा किया था। इस कब्जे को बुल्डोजर लगाकर हटाया गया। 

जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि 33 एयर जमीन एससी/एसटी लोगों की थी। इस सम्बंध में पूर्व में मुकदमा पंजीकृत था। जिस पर मुख्तार अंसारी की पत्नी द्वारा बिना तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश से अवैध कब्जा कर लिया था। इसकी कीमत लाखों में है। बताया कि 9 जुलाई 2020 को धारा 419, 420, 433, 434, 447, 467, 468, 471 भादवि0 तथा 3/4 सार्वजनिक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम में विकाश कंसट्रक्शन के प्रोपराइटर आतिफ रजा और इसकी पार्टनर मुख्तार की पत्नी अफसाना अंसारी, अनवर शहजाद, रवीन्द्र नरायण सिंह, जाकिर हुसैन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था।