Today Breaking News

अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया पूर्वांचल के रहने वाला यह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। जिले के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी व भारतीय टीम के कप्तान विशेष भृगुवंशी को इस वर्ष खेल के प्रतिष्ठित अर्जुुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसी के साथ विशेष यह पुरस्कार पाने वाले बॉस्केटबाल में यूपी के पहले व हॉकी में पद्मश्री मोहम्मद शाहिद (1988) व एथलेटिक्स में गुलाब चंद (1999) के बाद जनपद के तीसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी मिलते ही पैतृक गांव सिकरी (चंदौली) सहित बनारस के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी। 
बास्केटबाल में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाले 36 वर्षीय विशेष अब तक लगभग 45 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। वर्ष 2019 में बास्केटबाल में यह पुरस्कार पाने वाली प्रशांति सिंह जनपद की पहली महिला खिलाड़ी हैं। अर्जुन पुरस्कार के लिए इससे पहले भी विशेष भृगुवंशी का नाम दो बार भेजा गया था। वहीं पिछले 15 वर्षों में किसी भी पुरुष बास्केटबॉल खिलाड़ी को यह पुरस्कार मंत्रालय की ओर से नहीं दिया गया था। विशेष भृगवंशी वर्तमान में ओएनजीसी में कार्यरत हैं। उनके पिता प्रमोद कुमार सिंह यूपी कालेज से प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त हैं, तो वहीं माता वीना रानी सिंह मीरजापुर में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज की प्रधानाचार्य रही हैं। विशेष का परिवार वर्तमान में भुवनेश्वर नगर कालोनी, अर्दली बाजार में निवास करता है।

 
 '