पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला से SO बोला- कमरे पर आओ
गाजीपुर न्यूज़ टीम, शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के बंडा थानाध्यक्ष सुनील शर्मा फरियाद लेकर आई महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैं। उन पर कलान में थानाध्यक्ष रहते हुए फरियादी महिला का यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था।
निलंबन के बाद सुनील शर्मा ने पुलिस लाइन में अपनी आमद दर्ज करा दी है। सुनील शर्मा को करीब पांच माह पूर्व कलान का थानाध्यक्ष बनाया गया था। यहां पड़ोसी बदायूं जिले की एक महिला ने पति से विवाद का निपटारा कराने के लिए थानाध्यक्ष से फरियाद की। थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने महिला की पूरी कहानी सुनी। बताया जाता है कि महिला की दो शादियां हुईं। पहले पति को छोड़ कर उसने दूसरे से ब्याह रचाया।
दूसरे पति से भी उनकी बनी नहीं। पति उसे अक्सर पीटता था। इस कारण महिला परेशान थी। जब वह उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं कर पाई तो कलान थानाध्यक्ष के पास पहुंची थी। आरोप है कि कलान थानाध्यक्ष ने महिला को अकेले कमरे पर बुलाया। महिला ने कुछ दिन पहले पुलिस के बड़े अफसरों को कलान थानाध्यक्ष रहे सुनील शर्मा की पूरी करतूत बता दी। मामले की जांच शुरू हुई। एसपी एस आनंद ने एसपी देहात अपर्णा गौतम को पड़ताल की जिम्मेदारी सौंपी। अपर्णा गौतम ने महिला के बयान लिये, संबंधित गवाहों से बात की। सुनील शर्मा के भी बयान लिये गए।
महिला की शिकायत पर हमने तत्कालीन कलान थानाध्यक्ष सुनील शर्मा की जांच कराई थी। जांच एसपी देहात अपर्णा गौतम ने की थी। उन्होंने प्रथम दृष्टिया महिला के आरोप सही पाए हैं। दोषी पाए जाने पर सुनील शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस लाइन में अपनी आमद करा दी है।-एस आनंद, एसपी, शाहजहांपुर
