Today Breaking News

आरटीओ के पीछा करने पर भागा ट्रक चालक, दूसरे वाहन की चपेट से मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में शनिवार की भोर में आरटीओ चेकिंग से बचने के लिए भाग रहे ट्रक चालक की दूसरे वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। चालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वाराणसी प्रयागराज नेशनल हाइवे पर राजातालाब घटना हुई। 
चंदौली का रहने वाला अजय यादव उर्फ मुलायम अपने ट्रक पर मोरन लादकर रामनगर की तरफ से भदोही जा रहा था। राजातालाब के पास हो रही आरटीओ चेकिंग के दौरान कर्मचारियों ने रुकने का इशारा किया।

खलासी के अनुसार वह नहीं रुका तो आरटीओ कर्मचारियों ने ट्रक का पीछा कर लिया। बचने के लिए अजय ने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। वह उतरकर सड़क के उस पार भागा। इसी दौरान डिवाइडर से टकराकर गिर गया। उसके गिरते ही एक चार चक्का गाड़ी ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

थाना प्रभारी रोहनिया परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि चालक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है।