Today Breaking News

मजदूरी देने के बहाने महिला को बंधक बनाकर कई घंटे तक करता रहा छेड़छाड़, विरोध पर पति को पीटा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ के विभूतिखण्ड में मिस्त्री व उसके दो साथियों ने दिहाड़ी देने के बहाने एक महिला मजदूर को बुलाकर बंधक बना लिया और कई घंटे तक उसके साथ छेड़छाड़ करते रहे। पीड़िता के फोन करने पर उसके पति व भाई ने मौके पर पहुंच कर विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने उनका मेडिकल नहीं कराया और मामूली कार्रवाई करके पल्ला झाड़ लिया। 
गोमतीनगर के खरगापुर में गौतम मार्केट निवासी महिला मजदूर के मुताबिक वह एक बिल्डिंग में मजदूरी का काम कर रही है। वहां के ठेकेदार ने चार महीने से दिहाड़ी के पैसे नहीं दिए थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उसके साथ काम करने वाले मिस्त्री रामचन्द्र ने उसे फोन करके दिहाड़ी देने के बहाने विभूतिखंड स्थित मंत्री आवास के गेट नंबर चार के पास मिलने बुलाया।

पीड़िता के मुताबिक वह बताए गए पते पर पहुंची तो रामचन्द्र अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद था। आरोप है कि उन लोगों ने उसे एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया और छेड़छाड़ की। इस बीच उसका पति और भाई उसे छुड़ाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि दिहाड़ी के रुपयों को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार करके कार्रवाई की जा रही है।