Ghazipur: मुख्तार अंसारी गैंग के महेंद्र जायसवाल का घर कुर्क, दो मकान सील
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्तार अंसारी के करीबी और उसके गैंग के सक्रिय सदस्य महेंद्र जायसवाल पर गुरुवार को गाजीपुर पुलिस की कार्रवाई का हंटर चलाया। गैंगस्टर के मामले में वांछित महेंद्र जायसवाल की संपत्तियों पर जांच के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्तार गैंग से जुड़े मामलों में गैगस्टर में लंबे समय से वांछित होने पर डीएम ने कुर्की और मकान सील करने का निर्देश दिया। सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकानों की कुर्की कर उसके दो घरों को सील कर दिया। वहीं कार्रवाई के दौरान मकानों में निर्माण के अवैध और नक्शे के अनुरूप नहीं होने की बात भी सामने आई, हालांकि एसडीएम ने इसे जांच का विषय बताते हुए आज की कार्रवाई पर फाेकस की बात कही। प्रशासन द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई से मुख्तार के करीबियों के साथ ही नाते-रिश्तेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
मुख्तार अंसारी से जुड़े और करीबीरियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्ती का क्रम जारी है। गुरुवार की शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के गोड़ा देहाती में स्थित आईएस-191 गैंग से जुड़े महेंद्र जायसवाल के दो मकानों को सीज करने की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे महेंद्र जासवाल के भवन की संपत्ति कुर्क करने और सीलिंग की कार्रवाई का आदेशजारी किया। सीओ सदर ओजस्वी चावला के नेतृत्व में पुलिस टीम और राजस्व अधिकारियों ने डीएम निद्रेश का अनुपालन किया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गोड़ा देहाती में डुगडुगी के बीच मकान कुर्की की घोषणा की गई और घर के बाद नोटिस चस्पा कर सील कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने इसी मुनादी के बीच कार्रवाई पूरी की। सीओ सदर ओजस्वी चावला ने बताया कि मुख्तार अंसारी आईएस-191 गैंग का महेंद्र जायसवाल सक्रिय सदस्य है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के आदेशानुसार इसकी यह दो सम्पत्तियां गैंगेस्टर धारा 14 एक्ट के अंतर्गत कुर्क की गई है। इसे सील कर नोटिस लगाते हुए बताया गया कि अब यह सम्पत्ति न्यायालय के क्षेत्र में है।
