जात-पात की पार्टी नहीं है बीजेपी, हमारा लक्ष्य सबका साथ, सबका विकास: डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा जात-पात वाली पार्टी नहीं है। हमारा लक्ष्य सबका साथ और सबका विकास करना है। मोदी और योगी सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। कोरोना संकट काल में जब दुनिया पस्त थी, उन्हें कुछ सूझ नहीं रहा था, तब हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मजबूती के साथ इसका सामना किया।
उपमुख्यमंत्री गुरुवार को बैतालपुर के चीनी मिल ग्राउंड पर देवरिया विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवरिया के उप विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर हमारे ही एक कार्यकर्ता को ओमप्रकाश राजभर ने सपा की बी टीम के रुप में चुनाव मैदान में उतार दिया है, लेकिन जनता उनके भ्रमजाल में पड़ने वाली नहीं है।
वह उनके मंसूबे को भांप चुकी है। बसपा सुप्रीमो मायावती का आरोप है कि सपा गुंडों की पार्टी है और मेरी कभी भी हत्या करा देगी। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि गुंडागर्दी खत्म कर हमने प्रदेश में अपराध मुक्त सरकार दिया है।
