Ghazipur: जनपद के 539 गांव में आयुष्मान गोल्डेन कार्ड एक नवंबर से बनेगा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनाने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में राइफल क्लब में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने जिले के 539 गांव जहां अभी तक एक भी गोल्डेन कार्ड नहीं बने हैं, वहां शत-प्रतिशत लाभार्थी परिवार के सदस्यों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी और एसीएमओ डॉ. डीपी सिन्हा ने बताया कि जिले में इस योजना के तहत 1.40 लाख लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं लेकिन जिले के 539 गांव में अभी तक एक भी गोल्डन कार्ड नहीं बने हैं जिसके लिए शासन के निर्देश पर एक नवंबर से विशेष गोल्डन कार्ड शिविर लगायाजाएगा। यह गोल्डन कार्ड जन सेवा केंद्रों (सीएससी) के माध्यम से बनाया जाएगा जिसके लिए लाभार्थी को प्रति कार्ड 30 रुपये देना होगा।
बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने को लेकर इन गांव में एक परिवार में पांच सदस्य का औसत माना गया है। उन्होंने बताया कि गोल्डन कार्ड लाभार्थियों को शिविर तक लाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को लिस्ट उपलब्ध करा दी गई है जो लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड कैंप तक लाएंगी। आशा को प्रति लाभार्थी 10 रुपये विभाग द्वारा दिया जाएगा। बैठक में सीडीओ श्री प्रकाश गुप्ता, एसडीएम, एमओआईसी, बीडीओ आदि उपस्थित थे।
