Today Breaking News

मायावती के खास रहे रामवीर उपाध्याय के बेटे चिराग सहित तीन भाजपाई हो गए

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के बेहद रहे पार्टी से निलंबित रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिराग उपाध्याय गुरुवार को भाजपाई हो गए। हाथरस के सादाबाद से विधायक रामवीर उपाध्याय को बसपा का कद्दावर नेता माना जाता है। वह मायावती की सरकार में हर बार कैबिनेट मंत्री बने थे और बसपा के ब्राह्मण कार्ड को गति देने में हमेशा आगे रहते हैं।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिराग उपाधयाय को भाजपा में शामिल कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने चिराग उपाध्यय को लखनऊ में पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके साथ ही पूर्व विधायक अरुण मल्होत्रा तथा पूर्व डीआईजी कृपाशंकर सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए। चिराग उपाध्याय ने कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।


पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिराग उपाध्याय इससे पहले अगस्त में भाजपा में शामिल होने के लिए आगरा के जयपुर हाउस में ब्रज क्षेत्र कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन बगैर पार्टी की सदस्यता लिए वहां से चले गए थे। इसके बाद से चिराग के भाजपा में शामिल होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था। इस दौरान करीब एक घंटा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी एवं संगठन मंत्री भवानी सिंह से बंद कमरे में बात की।


चिराग उपाध्याय ने इससे पहले भी सोशल मीडिया पर यह संदेश दिया था कि पीएम मोदी तथा सीएम योगी आदित्यनाथ की विचारधारा से काफी प्रभावित हैं और शीघ्र भाजपा में शामिल होंगे।


बसपा के प्रदेश की सत्ता से बाहर होने के बाद पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय 2019 में बसपा के टिकट पर फतेहपुर सीकरी से बसपा के उम्मीदवार थे। यहां से 2004 में उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय सांसद बनी थीं। इसके बाद रामवीर अचानक मैदान से हट गए। वह हाथरस की सादाबाद सीट से बसपा के विधायक हैं। बसपा ने उन्हेंं निलंबित कर रखा है।

'