सपा को अच्छी नहीं लग रही माफियाओं पर कार्रवाई - योगी आदित्यनाथ
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई रास नहीं आ रही है। माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई उन्हें बुरी लगती है। उनकी सहानुभूति इनके साथ है। लेकिन सरकार इन माफियाओं को चैन से नहीं रहने देगी। मुख्यमंत्री शनिवार को राजकीय इंका के परिसर में देवरिया सदर उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
करीब 31 मिनट के संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऑपरेशन माफिया चला रही है। जनता की संपत्ति लूटने वालों के खिलाफ पूरे प्रदेश में कार्रवाई हो रही है। हम उनकी संपत्तियों को अधिग्रहित कर गरीबों को बसाएंगे। इसमें किसी की कोई सिफरिश नहीं सुनी जाएगी। इस अभियान में हमें जनता का समर्थन चाहिए। हम माफियाओं को प्रदेश में पनपने नहीं देंगे। ये माफिया समाजवादी पार्टी को मुबारक हों।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मां-बहनों की इज्जत की रक्षा करने को कृतसंकल्पित है। इसके लिए मिशन शक्ति की शुरूआत हो चुकी है। यह आगे ऑपरेशन शक्ति में बदलेगा। अब मॉ-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वालों का अपराधियों की तरफ रामनाम सत्य होगा। योगी ने कहाकि कोर्ट ने कहा है कि शादी के लिए धर्म परिवर्तन नहीं हो सकता। हम लव जिहाद चलाने वालों पर अंकुश लगाएंगे। इज्जत से खिलवाड़ करने वालों के पोस्टर चौराहों पर टांगे जाएंगे।
देवरहवा बाबा के आश्रम पर हुआ कब्जे का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार में देवरहवा बाबा के आश्रम पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। उन्हें देवरिया छोड़ कर वृंदावन जाना पड़ा था। भाजपा की सरकार उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज बनवा रही है। आने वाले सत्र से यहां कक्षाएं शुरू हो जाएंगी और लोगों को यहीं पर विशेष चिकित्सकीय सेवाएं भी मिलेंगी।
निराश सपा कराना चाहती है दंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को मिल रहे समर्थन से निराश हो चुकी समाजवादी पार्टी प्रदेश में दंगो की श्रृंखला शुरू करना चाहती है। इसके लिए वह नए-नए षडयंत्र कर रही है। पिछले साढे़ तीन साल में प्रदेश में कोई दंगा नहीं होने दिया आगे भी नहीं होने देंगे। अगर कोई दंगा करना चाहता है तो उसकी जगह जेल में होगी।
भर्तियों में भ्रष्टाचार करने वाले जाएंगे जेल
रोजगार की चर्चा करते हुए कहा कि समाजवार्दी पार्टी में भर्तियां निकलती थीं तो सपा के लोग झोला लेकर घूमने लगते थे। नौकरियों की नीलामी की जाती थी। भाजपा की सरकार ने पारदर्शी तरीक से पुलिस में 1.37 लाख भर्तियां की हैं। शिक्षकों की भर्ती में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। प्रदेश में अब तक करीब 20 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ा जा चुका है। यह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने भर्तियों में गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसकी जगह अब जेल में होगी।
देवरिया को जलजमाव से मिलेगा निजात
सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि पिछले दिनों देवरिया आए थे। तब कई योजनाएं शुरू की गई। आने वाले दिनों में देवरिया को जलजमाव से निजात मिल जाएगी। प्रजापति समाज के लोग काफी समय से शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के नाम पर स्मारक बनाने की मांग कर रहे थे। अब उसे मंजूरी मिल गई है। उनके नाम पर देवरिया में भव्य स्मारक बनेगा। शहीद सोना सोनार के नाम पर पुल बन रहा है।
