CM योगी ने कहा- नारी शक्ति व कन्याओं के सम्मान का पर्व नवरात्र, दीं शुभकामनाएं
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र में महाअष्टमी और महानवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि नवरात्र का पर्व केवल व्रत और उपवास का नहीं, बल्कि नारी शक्ति और कन्याओं के सम्मान का भी पर्व है। उन्होंने महाअष्टमी व महानवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल तथा शारीरिक दूरी का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि जगत की समस्त व्यवस्थाओं को आदिशक्ति भगवती संचालित करती हैं। इनके अनंत रूप हैं। आदिशक्ति प्रधान नौ रूपों में नवदुर्गा बनकर संपूर्ण पृथ्वीलोक पर अपनी करुणा की वर्षा करती हैं। नवरात्र में मां के इन नौ रूप का पूजन श्रद्धा और भक्तिभाव से किया जाता है।
श्री, ऐश्वर्य, वैभव, सुख एवं समृद्धि की प्रदाता देवी माँ महागौरी अपने भक्तों को अष्ट सिद्धियों और नौ निधियों के आशीष से आच्छादित रखें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 24, 2020
माता के आशीर्वाद से सभी के जीवन में नवोत्कर्ष हो।
जय माता महागौरी। pic.twitter.com/xK1mvgfL9x
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना मातृशक्ति के प्रति सनातन परंपरा के सम्मान का प्रतीक है। इसी क्रम में नवरात्र में महाअष्टमी व महानवमी पर भक्तगण कन्या पूजन करते हैं।
शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि के शुभ अवसर पर आज सायंकाल श्री @GorakhnathMndr में नाथ सम्प्रदाय की परंपरा के अनुसार विधि-विधान से 'महानिशा पूजन' किया। pic.twitter.com/hPqQTLlmxC
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 23, 2020
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समस्त प्रदेशवासियों आदिशक्ति महामाई के अधिष्ठान पर्व श्रीदुर्गाष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का नौंवा स्वरूप मां महागौरी सभी की कामनाएं पूरी करें।
