ऑपरेशन के बाद पेट में छोड़ दिया तौलिया, डॉक्टरों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्र के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। डॉक्टर ने सिजेरियन के दौरान प्रसूता के पेट में तौलिया ही छोड़ दिया। हालत बिगड़ने पर प्रसूता को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गुरुवार को प्रसूता की मौत हो गई। घटना कौड़ीराम क्षेत्र के निजी अस्पताल की है। परिजनों ने निजी अस्पताल के सामने शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पति की तहरीर पर दो डॉक्टरों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गोला के परसिया निवासी विजय बहादुर की पत्नी सोनी को परिजनों ने प्रसव के लिए कौड़ीराम स्थित निजी अस्पताल में पांच अक्तूबर को भर्ती कराया। अगले दिन डॉक्टर ने सिजेरियन किया। महिला ने बेटे को जन्म दिया। तीन दिन बाद से महिला की हालत बिगड़ने लगी। उसके पेट में बेतहाशा दर्द होने लगा। परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अल्ट्रासाउंड में लापरवाही का पता चला
शहर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों को संदेह हुआ। डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड कराया। जिसमें महिला के पेट में कुछ वस्तु होने की जानकारी मिली। इके बाद प्रसूता का दोबारा ऑपरेशन किया गया। जिसमें महिला के पेट से तौलिया मिला।
संक्रमण के कारण हुई मौत
गुरुवार की सुबह महिला की मौत हो गई। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि आपरेशन के दौरान महिला के पेट से तौलिया निकली। यह सड़ रही थी।
परिजनों ने शव रख कर किया प्रदर्शन
महिला की मौत के बाद परिजन भड़क गए। परिजन कौड़ीराम में निजी अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामें की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में प्रसूता के पति की तहरीर पर दो डॉक्टरों पर धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। -डॉ. राजीव कुमार सिंह, प्रभारी एसओ